- Hindi News
- भ्रष्टाचार खत्म हो, सुधरे व्यवस्था : निरंजन
भ्रष्टाचार खत्म हो, सुधरे व्यवस्था : निरंजन
भास्कर न्यूज - पतरातू
झारखंड प्रदेश विद्युत श्रमिक मंच ने पीटीपीएस में फैले भ्रष्टाचार व कु-व्यवस्था को लेकर प्लांट गेट के समक्ष धरना दिया। धरना सभा को संबोधित करते हुए मंच के संयोजक निरंजन लाल ने कहा कि पीटीपीएस में प्रबंधकीय अकुशलता व्याप्त है। जिसके कारण पीटीपीएस में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के कारण उत्पादन में कमी आ रही है। ठेका संवेदकों में अनुभव की कमी है। जिसे स्थानीय प्रबंधन प्रश्रय दे रही है। परिणाम स्वरूप दिनों दिन व्यवस्था में गिरावट आती जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड का बंटवारा और बनाए गये निगम का दुष्प्रचार कर कुछ निहित स्वार्थ के लिए किए जा रहे हैं। यह बंटवारा श्रमिकों के हित में है क्योंकि नौ गठित कंपनियों से विद्युत कामगारों को कोई क्षति नहीं होगी। विद्युत सुव्यवस्था रहेगी। सर्विस कोड में भी कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। पेंशनधारियों के मामले में भी स्थिति यथावत रहेगी। इसमें भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। धरना में कर्मियों की लंबित प्रोन्नति, बकाए अधिकाल का भुगतान, बर्खास्त कर्मियों की सेवा वापसी, बकाए आवास भाड़ा का भुगतान, रिगरो की प्रोन्नति, अस्पताल विद्यालय, श्रमिक कल्याण केन्द्र की व्यवस्था में सुधार की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। धरना सभा को मंच के वरेंद्र प्रसाद सिंह, कौशलेन्द्र कुमार, राजनाथ सिंह, जयकांत सिंह, छेदामी प्रसाद, विनोद कुमार सिंह, गुरु नारायण पांडेय, रामाशीष सिंह आदि ने संबोधित किया।
18 फरवरी से हड़ताल पर जाने की चेतावनी : मंच की ओर से प्रबंधन को ज्ञापन देकर चेतावनी दी गई है कि पूर्व में दिए गये छह सूत्री मांगो पर यदि प्रबंधन कार्य नहीं करती है तो 18 फरवरी की प्रात: छह बजे से पीटीपीएस में श्रमिक मंच की ओर से हड़ताल शुरू की जाएगी।