अलग-अलग हादसे में एक की मौत, दो घायल
भास्कर न्यूज - मांडू
बीते 24 घंटे के दौरान मांडू में हुई दो अलग-अलग सड़क हादसे मे एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना मे एक सीसीएलकर्मी व एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना मंगलवार की देर रात्रि 20 माइल मे हुई। यहां अज्ञात वाहन की चपेट मे आने से बाइक सवार हजारीबाग के अमृतनगर निवासी विजय कुमार का 25 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मांडू पुलिस मौके पर पहुंचकर उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडू लाया, परंतु अस्पताल के चिकित्सक घायल की स्थिति चिंताजनक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर कर दिया। मांडू पुलिस घायल अविनाश को रांची ले जा रही थी, कि रास्ते में अविनाश ने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना बुधवार के अहले सुबह मांडू डीह मे हुई। यहां दो बाइक की टक्कर में मांडू डीह निवासी सीसीएलकर्मी शंकर साव और मांडू अस्पताल मे कार्यरत एएनएम मालती कुमारी का पुत्र चितरंजन गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि सीसीएलकर्मी शंकर अपनी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी करने के लिए पुंडी कोलियरी जा रहा था। इसी बीच इसके विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। जिसमें दोनों सड़क पर गिर गए। दोनों बाइक की जोरदार टक्कर मे सीसीएलकर्मी का हाथ टूट गया,वहीं एएनएम पुत्र का एक पैर टूट गया। घटना के बाद सीसीएलकर्मी के परिजन उसे नईसराय अस्पताल ले गए। वहीं चितरंजन को सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया।