कोयलांचल सरस्वती पूजा की तैयारी शुरू
भुरकुंडा - कोयलांचल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सरस्वती पूजा की तैयारी जोरों पर चल रही है। विभिन्न शैक्षणिक संस्थान, कॉलोनी, एवं चौक-चौराहों में सरस्वती पूजा धूमधाम से मनाने के लिए कोष संग्रह का कार्य चल रहा है। पूजा को लेकर छात्र-छात्राओं में काफी उमंग देखी जा रही है। इधर सरस्वती पूजा को लेकर झालदा बांगमुड़ी से आये मूर्तिकारों द्वारा प्रतिमा को विभिन्न आकर्षक स्वरूपों में ढालने का कार्य किया जा रहा है। मूर्तिकार सुभाष गोराई का कहना है कि उनका परिवार वर्षों से विभिन्न आराध्य देवी-देवताओं की प्रतिमा को बनाने एवं सजाने का काम करते चले आ रहे हैं। वह खुद 10 वर्षों से मूर्ति बनाने का काम कर रहा है। सुभाष गोराई का कहना है कि इस महंगाई में मूूर्ति सजाने वाले सामग्री की कीमत काफी बढ़ गई है। कड़ी मेहनत के बावजूद मूर्ति का उचित दाम नहीं मिल पाता है। पूजा को लेकर मूर्तिकारों की टीम द्वारा 500 रुपए से लेकर 5000 रुपए तक की आकर्षक मूर्ति बनाई गई है।