- Hindi News
- डोर स्टेप डिलिवरी ठेकेदारों के खिलाफ डीलर करेंगे आंदोलन
डोर स्टेप डिलिवरी ठेकेदारों के खिलाफ डीलर करेंगे आंदोलन
दुकानदारों ने शुरू किया अभियान
खाद्यान्न पहुंचाने के लिए भाड़ा लेने का आरोप
भास्कर न्यूज - नगरउंटारी
नगरउंटारी अनुमंडल के जनवितरण प्रणाली विक्रेता दुकानदारों ने डोर स्टेप डिलिवरी ठेकेदार के विरुद्ध आंदोलन करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। जनवितरण दुकानदार ने आयुक्त पलामू को पत्र देकर अनुमंडल में डोर स्टेप डिलीवरी ठेकेदार के विरुद्ध सितंबर से जनवरी माह तक खाद्यान्न पहुंचाने के एवज में भाड़ा लेने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
डीलरों ने आयुक्त से डोर स्टेप डिलिवरी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की धमकी भी दी। डीलरों ने आवेदन की प्रति उपायुक्त गढ़वा व अनुमंडल पदाधिकारी नगरउंटारी को भी देकर मामले से अवगत कराया है। डीलर ने आवेदन के माध्यम से बताया कि डोर स्टेप डिलिवरी ठेकेदार द्वारा सितंबर से जनवरी माह तक का खाद्यान्न पहुंचाने के एवज में गाड़ी भाड़ा सहित उतराई व ढुलाई किराया डीलर द्वारा वहन किया जाता है। डीलरों ने कहा कि बिना तौल किए क्विंटल पर पांच किलो चावल भी कम दिया जाता है। ऐसे में डीलरों के साथ हमेशा गलत किया जाता है। इन लोगों ने बताया कि अभिकर्ता के साथ गोदाम मैनेजर की भूमिका भी होती है। आवेदन देने वाले डीलर धनंजय पांडेय, सविता देवी, दुर्गा देवी, विमला देवी, दीनदयाल शुक्ला, हरिहर राम, बुधनी देवी, बबलू उरांव, सैरूण बीबी सहित अन्य डीलर शामिल हैं।