गुमला और टोंगो रहे संयुक्त विजेता
भास्कर न्यूज - गुमला
कला, संस्कृति, खेलकूद एवं कार्य विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा लुथेरान मैदान गुमला में जिला स्तरीय स्वामी विवेकानंद पाइका ग्रामीण खेलकूद के तहत बालक फुटबॉल मैच सह चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में गुमला और चैनपुर टोंगो के बीच मुकाबला हुआ, लेकिन खेल के अंतिम क्षण तक दोनों टीम गोल नहीं कर सकी।
अंत में दोनों को विजेता घोषित किया गया। इससे पहले गुमला ने घाघरा को 2-1, चैनुपर टोंगो ने गोया को 2-1, विशुनपुर ने सिसई मुरगू को 2-1 और टोंगो ने घाघरा को 2-1 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया था। मैचे के आधार पर खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। इनकी सूची बाद में जारी की जाएगी। जिला खेल पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय पाइका ग्रामीण खेलकूद में भाग लेंगे।
वहीं 29 जनवरी को लुथेरान मैदान में बालिका वर्ग का मैच सुबह साढ़े दस बजे से होगा। इससे पहले बालक वर्ग का मैच का उद्घाटन अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर किया। मौके पर संत पात्रिक के एचएम फादर रामू विसेंट मिंज, लुथेरान की एचएम आरबी तिग्गा, मनमोहन सिंह, भूषण खलखो, कमला कुमारी, मनोज उरांव, फादर अमृत तिर्की, एरेनियुस केरकेट्टा, कार्तिक उरांव, चैतालीसेन गुप्ता, रिजवान अली, प्रदीप राम मौजूद थे।
फुटबॉल में सिसई ने गुमला को हराया
गुमला - कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विकास विभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद पाइका ग्रामीण बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता बुधवार को लुथेरान उच्च विद्यालय के खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता में छह प्रखंड के खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता में सिसई ने गुमला को पराजित किया। विजेता टीम जिला का प्रतिनिधित्व राज्य स्तर पर करेगी। मुख्य अतिथि एसडीओ आंजनेयुलू दोड्डे ने खिलाडिय़ों को परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के माध्यम से राज्य में जिले का नाम रोशन करें। सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए सभी स्तर पर प्रयास कर रही है। बच्चे शिक्षा के साथ खेल में अपना भविष्य बनाएं। मौके पर खेल पदाधिकारी सुशील कुमार, एचएम रीवाबानी तिग्गा,कार्तिक उरांव, प्रदीप राम, चैताली सेन गुप्ता, एमएन सिंह, मनोज तिर्की सहित अन्य लोग मौजूद थे।