- Hindi News
- ७२ एक्सपर्ट देंगे दस हजार विद्यार्थियों को टिप्स
७२ एक्सपर्ट देंगे दस हजार विद्यार्थियों को टिप्स
भास्कर न्यूज - रामगढ़
बेहतर मैट्रिक रिजल्ट को लेकर एक्सपर्ट टीचर्स स्टूडेंट्स को सक्सेस की घुट्टी पिलाएंगे। झारखंड में पहली बार विद्यालयों में कोचिंग की व्यवस्था शुरु की गई है। इसके लिए जिले के 12 विद्यालयों का चयन किया गया है। इसमें, 53 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को कोचिंग सेंटर से जोड़ा गया है। इन विद्यालयों के अलावा बाहरी छात्र-छात्राओं को भी कोचिंग दी जाएगी। परीक्षा होने से पहले तक की कोचिंग व्यवस्था ने बेहतर रिजल्ट की
उम्मीद जगा दी है।
ये हैं एक्सपर्ट टीचर्स टीम
एक्सपर्ट टीचर्स टीम में विषयवार पन्नालाल राम, सीता साव, विनेश्वर महतो, सुमित्रा कुमारी, कृष्ण प्रसाद, अखिलेश्वर झा, रवींद्र प्रसाद, रघुनाथ कुमार, नजरुल हक, मुकूल प्रसाद, युगल किशोर शर्मा, बलराम सिंह, परशुराम शर्मा, अनुज कुमार खत्री, सुरेश कुमार दास, डॉ.सरिता सिन्हा, बरदानी केरकेट्टा,गौरी शंकर पाठक शामिल किए गए है। जबकि अन्य टीचर्स को सहयोगी में रखा गया है।
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत वर्मा ने कहा कि शिक्षक संघों और शिक्षकों के साथ मिलकर कड़ी मेहनत और लगन से कोचिंग व्यवस्था की जा रही है। ताकि, मैट्रिक परीक्षार्थी लाभांवित हो सके। सेंटरों को चार जोन में बांट कर मॉनिटरिंग की जाएगी। पिछले रिजल्ट 76 प्रतिशत बढ़कर इस वर्ष 81 प्रतिशत होने की उम्मीद है। यह कॉन्सेप्ट जिले के सरकारी विद्यालयों में गुणवक्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था बनाने के लिए लागू किया जा रहा है।
छत्तर मांडू महथा काशीनाथ उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक परशुराम शर्मा ने कहा कि डीईओ का यह कदम सराहनीय है। इस व्यवस्था से कमजोर छात्र को सीधा लाभ मिलेगा। 15 दिनों में परीक्षार्थियों को इतने प्रश्न बताए जाएंगे, कि वे अवश्य ही बेहतर करेंगे।
ये बनाए गए हैं कोचिंग सेंटर
एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय पतरातू, गांधी स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय रामगढ़, पब्लिक उच्च विद्यालय कुजू, एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय गोला, आरके सिंह उच्च विद्यालय दुलमी, आरबी उच्च विद्यालय सांडी चितरपुर, जनता उच्च विद्यालय होन्हे, महथा काशीनाथ उच्च विद्यालय छत्तर मांडू, श्रमिक उच्च विद्यालय सिरका अरगड्डा, सीसीएल उच्च विद्यालय नयानगर बरकाकाना, उच्च विद्यालय भुरकुंडा और एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय मांडू को कोचिंग सेंटर बनाया गया है। इसमें, सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना दिन के दो से तीन बजे तक और शनिवार को दिन के 10.30 से 11.30 बजे तक कोचिंग चलेगी।