जदयू का कार्यकर्ता सम्मेलन दो फरवरी को
सिल्ली - जदयू सिल्ली प्रखंड कमेटी ने बासुडीह के समीप स्वर्णरेखा नदी तट पर दो फरवरी को कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह का आयोजन किया है। कार्यक्रम दिन के 11 बजे शुरू होगा। उसमें जिला एवं प्रदेश स्तर के नेता उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी जदयू के प्रदेश सचिव लालचन महतो ने दी।
डॉ. हरिपद के निधन पर शोक व्यक्त किया
सिल्ली - ग्रामीण चिकित्सा संघ सिल्ली-पतराहातू के सदस्यों ने बी नवाडीह निवासी डॉ$ हरिपद महतो के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। शोक व्यक्त करनेवालों में डॉ$ प्रदीप राय, डॉ$ बीके जायसवाल, बरुण महतो, जयसियाराम महतो व प्रदीप मांझी आदि शामिल हैं।
हाकेदाग में काम मांगो अभियान शुरू
सिल्ली - ग्राम पंचायत हाकेदाग में बुधवार को मनरेगा के तहत काम मांगो अभियान शुरू हुआ। यह दो फरवरी तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य है प्रत्येक गांव के टोला में शिविर लगाकर मनरेगा के लिए काम का आवेदन, बैंक, पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाने आदि प्रक्रियाओं का क्रियान्वयन करना। अभियान के दौरान टेटेबदा के लगभग 30 लोगों ने काम के लिए आवेदन दिया। 20 व्यक्तियों ने जॉब कार्ड के लिए आवेदन जमा किया है। मौके पर मुखिया श्रीपद मांझी, पंचायत सेवक हाबूचंद्र मंडल, रोजगार सेवक सुभाषचंद्र महतो आदि उपस्थित थे।
पेंशन के लिए सिल्ली प्रखंड कार्यालय पर प्रदर्शन
सिल्ली - लोटा पंचायत के उप मुखिया जगदीशचंद्र महतो की अगुवाई में बुधवार को सैकड़ों वृद्वा एवं विधवा पेंशनधारियों ने प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। और बीडीओ को शिकायत पत्र सौंपा। पेंशनधारियों की शिकायत है कि पिछले नौ माह से पेंशन नहीं मिल रहा है। वे लोग बैंक जाते हैं और निराश होकर लौटते हैं।बैंककर्मी को भुगतान के संबंध में पूछने पर वे दुत्कार कर भगा देते हैं। दुर्गा पूजा, काली पूजा के अलावा क्षेत्र के सबसे बड़े त्योहार टुसू भी पैसे के अभाव में फीका रहा। जगदीश महतो ने बताया कि सुबह होते ही कई पेंशनधारी शिकायत लेकर उनके पास पहुंच जाते हैं। इससे उन्हें काफी आत्मग्लानि होती है। और दया भी आता है। चूंकि ऐसे भी पेंशन धारी हैं, जो पेंशन के सहारे ही जीवन यापन करते हैं। उन्होंने जल्द भुगतान नहीं होने पर बाध्य होकर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
किड्स ए जूनियर स्कूल का वार्षिकोत्सव 31 को
डकरा - किड्स ए जूनियर स्कूल डकरा में 31 जनवरी को विद्यालय का 15वां वार्षिक उत्सव मनाया जाएगा। केडीएच पीओ एके चौबे इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी विद्यालय के प्राचार्य एके उपाध्याय ने दी।