प्रखंडकर्मियों की हड़ताल से परेशानी
भास्कर न्यूज - दुलमी
दुलमी प्रखंड मुख्यालय में पिछले एक सप्ताह से न के बराबर काम हुआ है। कार्यालय में ऑपरेटर के अलावा कोई नहीं आ रहा। ऐसे में काम कराने पहुंच रहे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, प्रखंड मुख्यालय से बीडीओ दिलीप कुमार महतो के भी ज्यादा समय नदारद रहने से समस्या और बढ़ गई है। साथ ही हड़ताल पर गए प्रखंडकर्मियों ने भी लोगों की दिक्कतों को और बढ़ा दिया है। ऐसे में प्रखंड में वित्तीय वर्ष की मनरेगा समेत अन्य योजनाओं का लक्ष्य पूरा होता दिख नहीं रहा है। कर्मचारियों की हड़ताल से पंचायत व रोजगार सेवक काम तो करवा रहे हैं, लेकिन फंड जारी नहीं होने से उनके सामने भी समस्या खड़ी हो गई है।
उधर, प्रखंड के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से समस्या का हल निकालने की मांग की है। सोसो पंचायत मुखिया नंदू महतो ने कहा है कि हड़ताल से विकास कार्यों पर बुरा असर पड़ रहा है। साथ ही मुखिया निशातुन निशा, चंदा देवी, संजू चौधरी, मणिकलाल महतो, तिलकी देवी, महेश्वर महतो ने भी बात रखी।