30 लोगों को दिए गए 50 लाख के कृषि यंत्र
भास्कर न्यूज - गुमला
भूमि संरक्षण निदेशालय गुमला जिला द्वारा गुरुवार को कृषि विभाग परिसर में 30 लाभुकों के बीच में 50 लाख रुपए के कृषि यंत्र का वितरण किया गया। कृषि यंत्रीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत किसानों को सात ट्रैक्टर, दो पावर टीलर मशीन और सिंचाई कार्य के लिए 21 विलियर्स मशीन दी गई। मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सतवंती देवी और डीआरडीए निदेशक रंजना वर्मन किसानों को सामग्री दी। सतवंती देवी ने कहा कि कृषि कार्य के विकास के लिए अनुदानित दर पर यंत्र दिया जा रहा है।
इस यंत्र का लाभ लेकर किसान भाई अपने स्वरोजगार को बढ़ावा देने का काम करें। किसान भाई स्वरोजगार से जुड़कर अपने पारिवारिक जीवन को सुखमय बना सकें। ट्रैक्टर अतिरिक्त आय का साधन है। इसे बढिय़ा से चलाकर अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है। रंजना बर्मन ने कहा कि किसानों के विकास के लिए सरकारी स्तर पर कई योजनाएं संचालित हैं। किसान भाई जानकारी के अभाव में लाभ नहीं ले पाते हैं। खेती करने में पूंजी की कमी आड़े नहीं आए, इसके लिए किसानों को केसीसी भी दिया जाता है।
किसान सभी योजना का लाभ लेकर बेहतर किसान बनें। साथ ही ऋण की राशि को समय
पर चुकाएं। बैंक से जुड़कर और ऋण लेने का काम करें। मौके पर जिप सदस्य भैरो सिंह खेरवार,
जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी ललितेश्वर प्रसाद, विजय आनंद, शंभु सिंह, योगेंद्र प्रसाद, विश्वनाथ उरांव, अनीता देवी सहित कई लोग मौजूद थे।