- Hindi News
- जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दें : डॉ. राकेश
जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दें : डॉ. राकेश
भास्कर न्यूज - चतरा
सदर अस्पताल के प्रशिक्षण भवन में गुरुवार को जिले के सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. एसपी सिंह ने की। बैठक में राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. राकेश दयाल, स्वास्थ्य उपनिदेशक डॉ. जेसी दास व डब्ल्यूएचओ के कंसल्टेंट डॉ. वैभव मुख्य रूप से उपस्थित थे।
राज्य से आए पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी ने जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ममता वाहन योजना का लाभ सभी प्रसूती महिलाओं को मिलना चाहिए। इसके लिए प्रचार-प्रसार करने और गांवों में सभी जगह ममता वाहन का नंबर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। नियमित टीकाकरण में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया। परिवार नियोजन के लिए बंध्याकरण व एनएसवी कराने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य कार्यक्रमों सहिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। सहिया से संबंधित सभी भुगतान समय पर करने का निर्देश दिया गया।
कहा गया कि परिवार नियोजन के अलावा अन्य कार्यों में लगे सहिया को समय पर भुगतान किया जाए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसपी सिंह, डीपीसी रंजीत कुमार सिंह, डैम संतोष कुमार, डब्ल्यूएचओ के जिला समन्वयक मनीष भारद्वाज के साथ-साथ सभी प्रखंडों के कार्यक्रम प्रबंधक व लेखा प्रबंधक उपस्थित थे।