- Hindi News
- 30 बेड के अस्पताल का मंत्री ने किया शिलान्यास
30 बेड के अस्पताल का मंत्री ने किया शिलान्यास
भास्कर न्यूज - बेरमो
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने पेटरवार प्रखंड के पिछरी में 6 करोड़ की लागत से बनने वाले 30 बेड के अस्पताल का शिलान्यास किया। यहां उन्होंने कहा कि यह अस्पताल गरीबों के लिए बन रहा है। यहां 8 डॉक्टर, 12 नर्स सहित अन्य स्टाफ के क्वार्टर भी बनेंगे। टेंडर का ऑर्डर हो गया है। 18 माह के अंदर अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। अगले माह की 20 से 25 फरवरी तक पिछरी में इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा। जिसे मुख्यमंत्री योजना से 20 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर पिछरी में विकास की लकीर खिंची जा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में विभिन्न योजनाओं से 11 मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। जिसमें केंद्र सरकार से बोकारो सहित चार स्थानों पर, सीसीएल से रांची में, बीसीसीएल से, बीएसएल से मेडिकल कॉलेज बनना है। साथ ही शिबू सोरेन के प्रयास से चास में मेडिकल कॉलेज बनना है। राज्य में 1 अरब 46 करोड़ की राशि स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यों के लिए सेंशन किया गया है। जिसमें बोकारो जिले में तीस बेड का अस्पताल बनना है। साथ ही फुसरो व जैनामोड़ अस्पताल में कई कार्य होने हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्रधारी मिश्रा ने की व संचालन बीडीए कॉलेज के प्राचार्य डॉ रवींद्र कुमार सिंह ने किया।
कई लोग थे उपस्थित
इस अवसर पर बोकारो जिला के सिविल सर्जन शशिभूषण, कार्यपालक अभियंता, अधीक्षण अभियंता, बेरमो एसडीओ राहुल कुमार सिन्हा, पिछरी के निवर्तमान मुखिया छत्रधारी मिश्रा, निवर्तमान सरपंच रतन कुमार मिश्रा, पिछरी दक्षिणी मुखिया लक्ष्मण सिंह, तांतरी मुखिया निरंजन मिश्रा सहित प्रकाश मिश्रा कारु, बिरंची मिश्रा, राजेश्वर पांडेय, आदर्श उवि के प्राचार्य धनेश कुमार महतो आदि मौजूद थे।
आसपास के लोगों के लिए सौगात होगा अस्पताल
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि यह अस्पताल पिछरी सहित आसपास के लोगों के लिए सौगात है। जिसे मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रदान किया है। योजनाएं जनता के लिए होती है। इसमें हमेशा सभी को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री राजेंद्र सिंह ने पांच माह में हर विभाग में कई बड़े कार्य किए हैं। वहीं सिविल सर्जन शशि भूषण ने कहा कि जिले में जितने भी स्वास्थ्य केंद्र व उपकेंद्र बनेंगे, उससे यहां की जनता को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिलेगा। मंत्री राजेंद्र सिंह द्वारा 24 जनवरी को गांगजोरी में भी 30 बेड के अस्पताल का शिलान्यास किया जाएगा।
रास्ता के लिए 65 डिसमिल जमीन दान दिया
पिछरी निवासी राजेश मिश्रा ने हाल में खरीद किया हुआ अपना 65 डिसमिल जमीन अस्पताल के रास्ता निर्माण के लिए दान में देने की घोषणा की। इस पर आयोजनकर्ता ने राजेश मिश्रा की भरपूर सराहना की। लोगों ने कहा कि यह अत्यंत नेक काम में अपनी जमीन दे रहे हैं। यह पुण्य का कार्य है।
कहा: अगले माह यहां इंजीनियरिंग कॉलेज का होगा शिलान्यास