अनशनकारियों की बिगड़ी हालत
राजधनवार - अनियमित बिजली में सुधार सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर माले नेता सह जिप सदस्य विनय संथालिया एवं जिप सदस्य जयंती चौधरी २४ जनवरी से अनशन पर हैं। लगातार चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठने के कारण दोनों की तबीयत सोमवार को बिगड़ गई। उन्हें स्लाइन चढ़ाया गया है। धनवार रेफरल अस्पताल के डॉ एससी शर्मा ने बताया कि लगातार बीपी लो हो रही है। बीडीओ विनोद कुमार कर्मकार के साथ बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता इफ्तिखार आलम ने रविवार को सार्थक पहल करते हुए सोमवार को प्रखंड क्षेत्र में जले नौ ट्रांसफॉर्मर धनवार सब स्टेशन भेजने का वादा किया। इसको देखते हुए २६ जनवरी रोड जाम को वापस ले लिया। लेकिन अनशन जारी है। इसके समर्थन में धनवार बाजार के दुकानदारों ने कुछ घंटे अपनी दुकान बंद रखते हुए जनमुद्दों को लेकर समर्थन देने के लिए उपभोक्ता अनशन स्थल पर पहुंचकर समर्थन देने की बात कही। इसके साथ महिलाओं का भी एक शिष्टमंडल अनशनकारी जयंती चौधरी से मिलकर इस आंदोलन में पूर्ण सहयोग देने की बात कही। कई विद्यालयों को भी समर्थन में बंद रखा गया।
नौ ट्रांसफॉर्मर लेकर अधिकारी पहुंचे
दोपहर बाद ९ ट्रांसफर्मर के साथ धनवार विद्युत विभाग के एसडीओ आरके चौधरी धनवार बीडीओ विनोद कर्मकार, इंस्पेक्टर कपिलदेव पोद्दार, धनवार थाना प्रभारी रासबिहारी लाल पहुंचे। लेकिन आंदोलनकारी सक्षम पदाधिकारी से ही बात करने की बात की और वार्ता से इंकार कर दिया। इस दौरान माले नेता राजकुमार यादव व किशोरी अग्रवाल, रामेश्वर चौधरी आदि ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। और विधि व्यवस्था की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कहा कि मंगलवार दस बजे क्षेत्र से हजारों लोग घटनास्थल पर पहुंचेंगे और आगे की रणनीति वे ही तय करेंगे। कहा माले का आंदोलन नहीं जनता का आंदोलन होगा। राजकुमार यादव ने यह भी घोषणा की कि अगर सक्षम पदाधिकारी ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर सार्थक पहल नहीं की तो मंगलवार १२ बजे के बाद वे भी अनशन पर बैठेंगे। उधर अनशन स्थल पर क्रांतिकारी गीतों से अनशनकारियों के मनोबल ऊंचा कुछ लोग करते रहे। ढोलक, हारमोनियम आदि साज के साथ शक्ति पासवान आदि ने गीत पेश की। जिसमें गाया गया कि चाहे लाठी गोली चलाना, चाहे भेजा जेलवा नहीं ये मानबत ले, बे करबव २४ घंटा बिजलिया आदि गानों से हौसला बढ़ा रहे हैं।
-