- Hindi News
- ग्रामीणों ने की पंचायत सेवक के खिलाफ शिकायत
ग्रामीणों ने की पंचायत सेवक के खिलाफ शिकायत
भास्कर न्यूज - सरिया
सरिया पूर्वी पंचायत के चंद्रमारणी गांव के दर्जनों लोग प्रखंड कार्यालय पहुंचे। प्रखंड कार्यालय पहुंचकर वे बीडीओ निर्भय कुमार से मिले तथा उनसे मिलकर पंचायत सेवक सहदेव सोरेन के खिलाफ शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप था कि पंचायत सेवक सहदेव सोरेन द्वारा गांव के असहाय व वृद्ध लोगों के पेंशन के लिए छह माह पूर्व फॉर्म भरवाया गया था, पर छह माह बीत जाने के बाद भी वो फॉर्म प्रखंड कार्यालय में जमा नहीं किया गया। इससे गांव कई लोग वृद्धा व सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित रह गए। गांव में के असहायों के लिए इस वर्ष आए सरकारी कंबलों का वितरण भी नहीं किया गया है। इस बाबत बीडीओ ने जब उक्त पंचायत सेवक श्री सोरेन से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि मैं कम्बल को अपने किराए के कमरे पर रखा हुआ था पर उक्त कंबलों की चोरी हो गई। जिस पर बीडीओ श्री कुमार ने पंचायत सेवक सोरेन को डांट पिलाते हुए कहा कि अपने रुपए लगाकर सात कम्बल खरीदकर बांटा जाए और पेंशन संबंधी फार्म भी प्रखंड कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया। इसका नेतृत्व पंचायत समिति सदस्य गीता देवी कर रही थी। जबकि मौके पर उपमुखिया बसंत वर्मा, देवेंद्र प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, पवन कुमार, उर्मिला देवी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।