- Hindi News
- जीएम के आश्वासन के बाद पांचवें दिन तोड़ा गया अनशन
जीएम के आश्वासन के बाद पांचवें दिन तोड़ा गया अनशन
भास्कर न्यूज - राजधनवार
धनवार विधानसभा क्षेत्र में नियमित बिजली की मांग सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर माले नेता सह जिप सदस्य जयंती चौधरी का आमरण अनशन पांचवें दिन समाप्त हुआ। विद्युत विभाग के जीएम एपी सिंह के लिखित आश्वासन के उन्होंने अनशन तोड़ा। 24 जनवरी को जिप सदस्य विनय संथालिया और जयंती चौधरी ने धनवार विधानसभा क्षेत्र के धनवार, गावां, तिसरी में बिजली की आपूर्ति के साथ पांच सूत्री मांगों को लेकर अनशन शुरू किया था। जिसमें धनवार प्रखंड क्षेत्र में जले ट्रांसफॉर्मर को बदलने, बिना बिल को वापस लेने आदि मांगे थी। लेकिन वार्ता के लिए सक्षम पदाधिकारी के नहीं आने के चलते वार्ता नहीं हुई। आंदोलनकारियों की मांग थी कि जो उनकी मांग है वह एक्जक्यूटिव और एसडीओ से पूर्ण नहीं हो सकता है।
मांगें पूरी करने का भरोसा
जीएम ने कहा कि जहां तक जले ट्रांसफॉर्मर के बदलने की बात है तो उसे एक दिन पूर्व ही भेज दिया गया है। वहां कल से ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बिना बिजली दिए बिल मिलने के सवाल पर कहा कि जिस गांव में बिजली नहीं है और बिल भेजा गया है उसे कैंप लगाकर ठीक कर दिया जाएगा। नियमित बिजली के सवाल पर जीएम ने कहा कि इसके लिए धनवार जमुआ डबल सर्किट का चल रहा है और कोडरमा से डोमचांच में भी डबल सर्किट के साथ 20 एम्पीयर धनवार को अतिरिक्त बिजली देने की भी प्रक्रिया हो चुकी है जिसमें कुछ बाधाएं हैं इसे दूर करते हुए एक माह के अंदर धनवार को लगभग दस घंटे बिजली दी जाएगी।
नहीं तो फिर होगा आंदोलन
विनय संथालिया, जिप सदस्य जयंती चौधरी ने इस आंदोलन में समर्थन देने वाले धनवार बाजार के लोगों के साथ ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्तकिया। कहा कि आपके सहयोग से यह आंदोलन सफल हुआ। यदि मांगें पूरा नहीं की जाती तो फिर से अनशन किया जाएगा।
अनशन तुड़वाते अधिकारी व मौजूद भीड़।