झाविमो का बजेगा डंका: निर्भय
> तिसरी में प्रखंड स्तरीय बूथ सम्मेलन में जुटी भारी भीड़
भास्कर न्यूज - तिसरी
गिरिडीह विधायक निर्भय शाहाबादी ने कहा कि देश में इसी वर्ष आम चुनाव होना है। साथ ही इसी वर्ष के अंत में विस चुनाव की रणभेरी भी बजेगी। इस दौरान पूरे देश में झाविमो के पक्ष में लहर चल रही है। सभी विरोधियों की हवा निकल जाएगी। जनता भाजपा-कांग्रेस और अन्य किसी के बहकावे में नहीं आने वाली है। जनता के सवालों को लेकर झाविमो ने सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद किया है। चुनाव में झाविमो का ही डंका बजेगा। श्री शाहाबादी बुधवार को तिसरी प्रखंड में आयोजित बूथ सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि झाविमो को छोड़कर सभी पार्टियों का मकसद केवल जोड़तोड की राजनीति रहा है। झाविमो इन सबसे अलग है। इसका अपना अलग स्टैंड है। जनमुद्दों की लड़ाई के सवाल पर झाविमो खरी उतरी है। इस दौरान पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह कोडरमा लोकसभा प्रभारी प्रणव वर्मा ने कहा कि झारखंड में न नमो की लहर चलेगी और न राहुल की। यहां सिर्फ बाबूलाल मरांडी की लहर चलेगी।
सांसद प्रतिनिधि नुनूलाल मरांडी ने कहा कि झाविमो को छोड़ सभी दलों ने राच्य की जनता को ठगा है। भाजपा से तलाक के बाद झामुमो ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बना ली। जबकि झाविमो ने उस वक्त नए जनादेश की मांग की थी।
वहीं कल तक झामुमो का गुणगाान करने वाली भाजपा के सुर भी झामुमो से अलग होते ही बदल गए। भाजपा का चरित्र ही विचित्र और अनोखा है। साथ ही कहा कि दिवंगत नेता सुधीर महतो की पत्नी को रास उम्मीदवार घोषित करने वाले झामुमो ने एक ही रात में कांग्रेस और राजद के सामने घुटने टेक कर बैकफुट पर आ जाती है। सब केवल जोड़-तोड़ की राजनीति कर रहे हैं। समय पर जनता सजा देगी।
इन्होंने किया संबोधित - पूर्व विधायक गुरुसहाय महतो, जिलाध्यक्ष प्रो प्रवीण चौधरी, युवा मोर्चा के केंद्रीय सचिव अजय रंजन, जिप सदस्य गोपी रविदास, उदय साव, महिला मोर्चा की केंद्रीय सचिव कुसुम सिन्हा, रामचंद्र यादव आदि ने भी संबोधित किया। जबकि मौके पर सांसद प्रतिनिधि रामचंद्र ठाकुर, सुनील सेठ, सोनू हेम्ब्रम, अब्दुल सत्तार, प्रकाश पासवान, रामचंद्र यादव, मो इलियास, हरीश सेठ, मनोज संघई सहित सैकड़ों महिला-पुरूष कार्यकत्र्ता उपस्थित थे। इसके पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने तमाम बूथों की जानकारी ली। बूथ प्रभारी और सदस्यों को अपने पक्ष में मत दिलाने का गुर भी सिखाया गया। अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अब्दूल सत्तार व संचालन महामंत्री रामचंद्र ने की।