सबको भा रही हाथों की कारीगरी
भास्कर न्यूज - चाईबासा
गांधी मैदान में समाज विकास संगठन के तत्वावधान हो रहे 12 दिवसीय हस्तशिल्प महोत्सव सह ट्रेड फेयर के सातवें दिन बुधवार को चाईबासा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के काफी संख्या में लोग पहुंचे। हाथों से बनाई गई एक से बढ़ कर एक वस्तुएं लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।मेले में खादी से बने वस्त्र और कई तरह के समान, गुजरात की बंधेश साड़ी, भदोई का कालीन, सोफा और चिनीमिट़्टी से बनीं विभिन्न प्रकार की मूर्तियां व कलाकृतियों की विशेष मांग है। बुधवार को मेले में बच्चों के बीच आयोजित गीत- संगीत प्रतियोगिता में 18 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान निर्णायक के रूप में गायत्री परिवार की चंचला गुप्ता, किरण विश्वकर्मा व ममता देवी उपस्थित थीं।
मेला संयोजक डॉ विजय प्रकाश व प्रतियोगिता संयोजिका शीतल सुगंधिनी बागे ने बताया कि 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर बच्चों के बीच शाम 5 बजे भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। मेला समिति के सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि मेले में विभिन्न राज्यों के लगाए गए स्टॉलों में हस्तशिल्प उत्पादों की मांग काफी है।