सुभाष जयंती पर आज होंगे कई कार्यक्रम
भास्कर न्यूज - चाईबासा
नाट्य और सामाजिक संस्था सृष्टि की बैठक बुधवार को शिशु विद्या मंदिर परिसर में प्रकाश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सुभाष चंद्र बोस की 117 वीं जयंती मनाने का निर्णय लिया गया। मौके पर प्रकाश गुप्ता ने कहा कि 23 जनवरी को गांधी मैदान में हस्तशिल्प मेले में शाम 4.30 बजे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। मौके पर हाथ तो बढ़ाओ नामक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से अभिजीत डे, बसंत कारवा, पप्पू मछुवा, शंकर उजिया, सुष्मिता भेंगरा, सुनीता गोप, पवन कारवा, ओम कारवा, अजय झा, अर्जुन कारवा, सुमन बिंदाड़ी आदि मौजूद थे। उधर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती आयोजन समिति भी नगरपालिका बांग्ल मध्य विद्यालय में जयंती मनाएगी। आयोजन समिति के विजय कुमार ने बताया कि जयंती पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रतियोगिताएं भी होंगी। उन्होंने कहा कि सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में होने वाली प्रतियोगिता के लिए अबतक 500 से अधिक प्रतिभागियों का नामांकन हो चुका है।