17 लाख प्लॉट होंगे ऑनलाइन
भास्कर न्यूज - चक्रधरपुर
नेशनल लैंड रिकार्ड मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले की जमीन का डिजिटलाइजेशन 23 जनवरी से शुरू हो जाएगा। जिले के 16 लाख 87 हजार प्लॉट की डाटा इंट्री के लिए चाईबासा में 40 और चक्रधरपुर में 20 कंप्यूटरों वाले तीन केंद्र बनाए गए हैं। चक्रधरपुर से डाटा इंट्री की शुरुआत होगी। इन केंद्रों पर 60 ऑपरेटर दिन-रात काम कर 68 दिनों में 2 लाख 41 हजार 56 खतियान की डाटा इंट्री करेंगे। इन केंद्रों में किसी गैर सरकारी व्यक्ति का प्रवेश निषेध रहेगा। भारी सुरक्षा के बीच जमीनों की विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी। 31 मार्च तक सभी रैयतों का खाता ,खतियान व रजिस्टर दर्ज किया जाना है। इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद इंटरनेट पर जिले के 1674 गांवों की जमीन की विस्तृत जानकारी मिलेगी। खरीद-फरोख्त व निबंधन भी ऑनलाइन हो जाएगा।