एक माह में समाधान का मिला आश्वासन
भास्कर न्यूज - चाईबासा
आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की सेवा संपुष्टि, एसीपी व एमएसीपी लाभ व वरीयता सूची जल्द ही तैयार की जाएगी। अलग-अलग आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार के रूप में खर्च किए गए 1 करोड़ 70 लाख रुपए का भी भुगतान राशन दुकानदारों को जल्द होगा। यह आश्वासन कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त आलोक गोयल ने झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिला ईकाई के प्रतिनिधि मंडल को दिया। बुधवार को 11 सूत्री मांग को लेकर जिले भर से पहुंची लगभग 2 हजार से अधिक आंगनबाड़ी सहायिका व सेविकाओं ने शहीद पार्क से रैली निकाली, जो आयुक्त कार्यालय पहुंचकर समाप्त हो गई। एक प्रतिनिधिमंडल आयुक्त से मांग पर वार्ता करने उनके कार्यालय पहुंचा। बाहर हजारों की संख्या में बैनर के साथ खड़ी सहायिका-सेविकाओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रतिनिधिमंडल को आयुक्त ने अपने स्तर से किए जाने वाले समाधान को एक माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।
वहीं उन्होंने अन्य मांगों को सरकार के पास भेजने की बात कही। इधर, कर्मचारी संघ का नेतृत्व कर रहे संघ के पदाधिकारी काशीनाथ साह ने बताया कि एक माह के भीतर यदि मांगे पूरी नहीं होती है, तो 27 जनवरी से 31 जनवरी तक काला बिल्ला लगाकर सहायिका सेविकाएं अपने केंद्रों पर काम करेगी।