जुगीडांगा को जल्द मिलेगी बिजली
चाकुलिया - बहरागोड़ा विधायक विद्युतवरण महतो ने बुधवार को प्रखंड के दौरे के दौरान बताया कि सिमदी के जुगीडांगा टोला में जल्द ही विद्युतापूर्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग के महाप्रबंधक से बीते दिनों जुगीडांगा टोला में विद्युतापूर्ति को लेकर बात हुई थी। बिजली के खंभों व 25 केवीए के ट्रांसफार्मर की आपूर्ति की जा चुकी है । जल्द ही खंभों व तार को लगाकर गांव में विद्युतापूर्ति की जाएगी ।
ढिबरी से जला घर, बचे दो बच्चे
चाकुलिया - प्रखंड के सिमदी पंचायत के जुगीडांगा टोला में बुधवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे आग की चपेट में आकर फूस का घर जल कर खाक हो गया। अग्निपीडि़त विधवा पानमुनी हांसदा ((40)) के मुताबिक उसकी बेटी सुकुल हांसदा ((5)) व सोमवारी हांसदा ((3)) घर में ही थी। इसी दौरान ढीबरी पर बांस के दरवाजे पर रखा वस्त्र गिर गया। इससे घर में रखी साइकिल, खाद्यान्न, वस्त्र, बर्तन, पति का मृत्यु प्रमाण पत्र, बीपीएल कार्ड समेत अन्य कागजात जलकर खाक हो गए। विधवा पानमुनी हांसदा मजदूरी कर किसी तरह अपनी दो बेटियों का पोट पाल रही है। इधर घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा विधायक विद्युतवरण महतो जुगीडंागा टोला पहुंचे और अग्निपीडि़त को चार हजार रुपए नगद, दो तिरपाल, दो कंबल, चार साड़ी, चार लुंगी समेत अन्य सामग्री दी। इस मौके पर झामुमो केन्द्रीय सदस्य सुशील शर्मा, कृषि उत्पादन बाजार समिति उपाध्यक्ष सह झामुमो नेता जगन्नाथ महतो, मुखिया साहेब राम मांडी, त्रिलोचन राणा, विजय बल्लभ टुडू, अनुप महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे ।