घर के बाहर रखी स्कॉर्पियो जलकर खाक
किरीबुरू - किरीबुरू थाना अंतर्गत मेघाहातुबुरू न्यू ए टाइप कॉलोनी में 22 व 23 जनवरी की रात एक नई स्कॉर्पियो जलकर खाक हो गई। गाड़ी सेल कर्मी मो.आजाद खान की है। मो.खान एसबीआई बैंक से लोन लेकर पिछले 20 जनवरी को रांची से स्कॉर्पियो खरीदकर लाए थे। जानकारी के अनुसार मो.खान के आवास के पास सड़क पर गाड़ी खड़ी थी। रात्री करीब 2 बजे गाड़ी में सायरन बजना शुरू हो गया। सायरन की आवाज सुनकर वाहन मालिक व समस्त परिवार बाहर निकला तो देखा, तो गाड़ी धू-धू कर जल रही थी। तत्काल उस समय ही किरीबुरू थाना को इसकी सूचना दी गई। हालांकि इस बीच आग को बुझाने का प्रयास किया गया। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
बच्चों ने दिखाया खेलकूद में दम
गुवा - गणतंत्र दिवस को लेकर गुवा के नुईया ग्राम में एसआर रूंगटा ग्रुप की ओर से गुरुवार को स्कूली बच्चों के बीच खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में गुवा के नुईया प्राथमिक विद्यालय, उत्क्रमित विद्यालय नुईया, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ईचागुटू, ठाकुरा स्कूल, लिपुंगा स्कूल, बिरसा नगर आदि स्कूलों के बच्चे शामिल हुए। रूंगटा कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक फलविन्दर सिंह ने बच्चों को कहा कि पढ़ाई के साथ- साथ खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए। मौके पर संजय कनौजिया, राजू पान, सोंगा सिद्धू, नीमचंद, रजनीश कुमार समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे। विजयी प्रतिभागियों को 26 जनवरी को पुरस्कार वितरण किया जाएगा।