- Hindi News
- जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार हुए झामुमो नेता
जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार हुए झामुमो नेता
भास्कर न्यूज - चाईबासा
झामुमो नेता सरवर नेहाल उर्फ नज्जू को जालसाजी के आरोप में गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सरवर नेहाल उर्फ नज्जू झामुमो अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हैं। इस मामले में सदर थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार निवासी मो. सोहेल ने नेहाल के खिलाफ सदर थाने में 10 दिसंबर 2013 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में बताया गया है कि मो. सोहैल काफी दिनों से अपनी पत्नी को बीएड में नामांकन कराने के लिए परेशान थे। उनके पड़ोसी नेहाल ने उन्हें बीएड में नामांकन करा देने का भरोसा दिलाया। इस काम के लिए पहले 20 हजार रुपएव काम होने के बाद 30 हजार रुपए देने को कहा। जब सोहैल ने 20 हजार रुपए दे दिए, तो नेहाल उन्हें रोजाना सुबह शाम दौड़ाने लगे। इसी बीच काम हो रहा है कहते हुए नेहाल ने 30 हजार रुपए और देने को कहा। यह राशि भी उन्हें दे दी गई। इसके बाद भी नामांकन नहीं हुआ। परेशान होकर जब सोहेल ने रुपए वापस मांगे, तो काफी दिन के बाद नेहाल ने उन्हें 30 हजार रुपए लौटा दिए। शेष 20 हजार रुपए लेने के लिए नेहाल ने उन्हें एक साल तक दौड़ाया, लेकिन रुपए नहीं मिले।