27.88 करोड़ रुपए से होगा शहर का विकास
भास्कर न्यूज - चाईबासा
नगर पर्षद ने शहर को विकसित करने की योजना बनाई है। इसके तहत न केवल टाउन हॉल, मैरेज हॉल व सब्जी मार्केट बनाया जाएगा बल्कि चौक- चौराहों पर हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा पार्क और फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। वहीं जोड़ा तालाब का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। विकास के इन कामों पर कुल 27 करोड़ 88 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके लिए पांच जगहों का चयन कर लिया गया है। नगर पर्षद ने शहर को विकसित व व्यवस्थित करने के लिए साढ़े तीन किमी लंबी सड़क बनाने का भी फैसला लिया है। इस पर 56 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इन योजनाओं को 13वें वित्त आयोग से मिलने वाली राशि से पूर्ण कराया जाएगा। नप ने इन योजनाओं की मंजूरी दिलाने के लिए नगर विकास विभाग के पास प्रस्ताव भेजा है। नप कर्मियों व वार्ड पार्षदों को उम्मीद है कि जल्दी ही नगर विकास विभाग इन योजनाओं पर काम कराने की मंजूरी दे देगा।