चिकित्सा संघ का सम्मेलन 11 को
घाटशिला - झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की बैठक शुक्रवार को हुई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप मे जिला मंत्री वासुदेव पानी ग्राही और विशिष्ट अतिथि गोपीनाथ तिरिया उपस्थित थे। इसमें निर्णय लिया गया कि 11 फरवरी को चिकित्सा संघ का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कर्मचारियों की एकता पर बल दिया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। कर्मचारियों को नियमानुसार सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इस बात लेकर आंदोलन की रणनीति पर विचार होगा।
कमल सिंह के खिलाफ शिकायतवाद
घाटशिला - जादूगोड़ा निवासी आशीष कुमार गुप्ता ने घोटाला किंग कमल सिंह तथा उसके पिता मुनमुन सिंह के खिलाफ चेक बाउंस होने पर अपर मुख्य न्यायाधीश की अदालत में शिकायतवाद दर्ज कराया है। शिकायतवाद में बताया गया कि कमल सिंह तथा मुनमुन सिंह ने घर बनाने के नाम पर उनसे करीब 5 लाख रुपए लिए थे। उसके बाद उसने एसबीआई के जादूगोड़ा एवं जमशेदपुर क ी विभिन्न शाखाओं का अलग-अलग तिथियों में करीब 5 लाख रुपए का चेक दिया। बैंक में चेक भेजे जाने पर अपर्याप्त फंड के कारण सारे चेक बाउंस हो गए। इस संबंध में दोनों के खिलाफ 138 एनआई एक्ट के तहत शिकायतवाद दर्ज कराई गई है।
खेलकूद में प्रतिभागियों ने बहाया पसीना
घाटशिला - घाटशिला कॉलेज के वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को साइकिल रेस का आयोजन किया गया। साइकिल रेस को प्राचार्य डा. एसएस पांडेय ने झंड़ा दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली 15 किमी तक चली। साइकिल रैली की निगरानी बाइक से शिक्षक कर रहे थे। इसके अलावा लड़के तथा लड़कियों के लिए 100, 200, 300 तथा 400 मीटर दौड़ , हाई जंप, लॉन्ग जंप, तीरंदाजी में प्रतिभागियों ने अपनी किस्मत आजमाई। पहले दिन जेसी स्कूल मैदान में खेलकूद का आयोजन किया गया था। तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा। इसी दिन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर खेल शिक्षक प्रो. डॉ एमएम सिंह, अम्बरेश महतो, प्रो इंदल पासवान, प्रो. नरेश कुमार आदि उपस्थित थे ।