सरसों तेल की चोरी मामले में जमानत नहीं
चाईबासा - मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आरके सिंह के न्यायालय ने 77 टीना सरसों का तेल चोरी करने के मामले में छोटा हाथी वाहन जेएच 05एटी 2349 के सजायाफ्ता मालिक मानस बनर्जी को राहत नहीं दी। शुक्रवार को मानस बनर्जी द्वारा न्यायालय में दर्ज की गई जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने उसे खारिज कर दिया। घटना को लेकर चक्रधरपुर के बाटा रोड निवासी दीपक खिरवाल ने मुफ्फसिल थाना में 12 जनवरी को 77 टीना सरसों के तेल की चोरी का मामला दर्ज किया था। चोरी के आरोपी जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी व वाहन के मालिक मानस बनर्जी व चालक रवि शंकर सिंह के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
मझगांव में आज निकलेगी प्रभात फेरी
मझगांव - प्रखंड कार्यालय स्थित मसकल साक्षरता कार्यालय में शुक्रवार को प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक हेमवती पिंगुवा एवं सहायक गालिब हुसैन की संयुक्त अध्यक्षता में 12 उत्प्रेरकों के साथ बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शिक्षा केंद्रों में प्रभात फेरी निकालने का निर्णय लिया गया। साथ ही अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। सभी पंचायतों के 14 वर्ष से ऊपर के बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर अभय चंद्र बिरूवा, नरेंद्र नायक, लक्ष्मी हेम्ब्रम, पोरेश तिरिया, मुजीबुर रहमान, पदमनी तिरिया आदि उत्प्रेरक मौजूद थे।
चोरी के दो आरोपियों को मिली जमानत
चाईबासा - पोड़ाहाट के अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी ओमप्रकाश की न्यायालय ने चोरी के दो आरोपी रामराय बोदरा व बबलू मुखी को शुक्रवार को जमानत दे दी। घटना को लेकर चक्रधरपुर थाना में 13 जनवरी को घनश्याम पूर्ति ने अपने बागान से एल्यूमीनियम की देगची चुराने का मामला दर्ज कराया था।
मेले की सफलता के लिए किया भ्रमण
चाईबासा - 28 व 29 जनवरी को होने वाले दो दिवसीय असुरा कृषि मेला को सफल बनाने के लिए टीम के सदस्यों ने शुक्रवार को गांवों में घूमकर कृषकों एवं खेल प्रेमियों को कृषि मेला की महत्ता के बारे में जानकारी दी। कृषि मेला टीम के सदस्य रामधारी बुडि़उली, चौधरी बुडि़उली, पेटू गोप के साथ अन्य सदस्य मिलकर गुंडा, चांदीपी, चोया, नोवागांव, झींकपानी आदि गांवों का भ्रमण किया और ग्रामीण कृषकों को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का अह्वान किया।