पुल से गिरा ट्रक चालक की मौत
ट्रेन की चपेट में आई महिला, जख्मी
घाटशिला. दाहीगोड़ा हनुमान मंदिर के समीप शनिवार की शाम करीब सात बजे पिंकी गिरी ((३० वर्ष)) नामक महिला ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे स्थानीय लोगों ने सिंह नर्सिंग होम में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। वह दाहीगोड़ा निवासी बादल गिरी की पत्नी है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। जीआरपी एवं आरपीएफ पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, मऊभंडार स्थित एचसीएल आईसीसी गेट के समीप अज्ञात मोटरसाइकिल की चपेट में आकर एक अन्य अज्ञात महिला जख्मी हो गई। अनुमंडल अस्पताल में उसका उपचार हो रहा है।
भास्कर न्यूज . श्यामसुंदरपुर/घाटशिला
एनएच ३३ पर शनिवार की सुबह केरूकोचा के मारिया खाल में लौह अयस्क से लदा ट्रक पुलिया से नीचे गिर गया। इस घटना में चालक मो. इमामुदीन ((४८)) की मौत हो गई। वह लोहरदगा का रहने वाला था। ट्रक नोआमुंडी से लोहा मिट्टी लेकर कोलकाता जा रहा था। सुबह करीब साढ़े सात बजे मारिया खाल पुलिया पर बने गड्ढों के कारण अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब बीस फीट नीचे नाला में जा गिरा। ट्रक पर खलासी नहीं था। चालक ट्रक पर लदे लौह अयस्क में दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया है।