एनआईटी में दी गई छात्रों को विदाई
आदित्यपुर. डीएवी एनआईटी में 11 वीं के छात्रों ने 12 वीं के छात्रों को समारोहपूर्वक विदाई दी। समारोह की शुरुआत डीपी शास्त्री एवं एन झा के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। 11 वीं के छात्रों ने गीत संगीत एवं मनमोहक नृत्य व नाटक की प्रस्तुति की। 12 वीं के छात्रों ने चेहरा पहचानों और अपना अनुभव बांटो कार्यक्रम का खूब आनंद उठाया। १२वीं के विद्यार्थियों को स्कूल प्रबंधन ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। प्राचार्य एसपी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सच्ची लगन व मेहनत से ही सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा भविष्य की नींव है जो कैरियर की विशाल इमारत का खड़ा करती है। समारोह को सफल बनाने में शिक्षक के.आर.के. आचार्य, निलांजन मिश्रा, एके तिवारी, एबी सिंह, बीएस चौधरी शामिल हैं।
आत्मकथा पुस्तक का विमोचन
आदित्यपुर. मेडिनोवा इन्फर्टिलिटी सेंटर के द्वारा शनिवार को गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर स्वतंत्रता सेनानी अखौरी बालेश्वर सिन्हा की आत्मकथा पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया। मौके पर उनके पुत्र डॉ. अखौरी मिंटू सिन्हा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ईचागढ़ विधायक अरविंद सिंह व विशिष्ट अतिथि डॉ. बच्चन पाठक सलिल, मनोहर लाल गोयल ने पुस्तक का विमोचन किया। अतिथियों ने कहा कि एक स्वतंत्रता सेनानी की आत्मकथा पढऩा प्रेरणा का काम करेगा। इस पुस्तक के माध्यम से स्व. सिन्हा के जीवन से जुड़ी अनछुए पहलू को समेटा गया है। स्वास्थ्य जांच शिविर में चिकित्सक डॉ. रश्मि वर्मा, बीणा सिंह व डॉ. रुबी पांडेय ने 546 महिलाओं के स्वास्थ की जांच की।
जलापूर्ति योजना में गति के लिए ज्ञापन
आदित्यपुर. बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के कार्य में गति लाने व उसे शीघ्र धरातल पर लाने की मांग को लेकर प्रधान सचिव के नाम पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया। जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी देवी ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 132 करोड़ रुपए की यह योजना बागबेड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी। विभाग इसमें कोताही बरत रहा है। इसके शुरू होने से घाघीडीह, बागबेड़ा, कीताडीह, गोलपहाड़ी व करनडीह क्षेत्र के करीब एक लाख परिवारों को पेयजल मिल सकेगा। लक्ष्मी देवी ने बताया कि अभी जलस्तर 500 फीट से भी नीचे जा चुका है। गर्मी के दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है। ज्ञापन सौंपने में झाविमो नेता किशोर यादव, मुखिया बुधरा टोप्पो, जमुना पूर्ति, विनोद जायसवाल, राजकुमार, कमल राठौड़, नरेश लाल, राकेश पांडेय, शशि यादव, बृज किशोर, राम कुमार सिंह आदि शामिल थे।
औद्योगिक विकास पर दिया जोर
आदित्यपुर. एनआईटी प्रथम बैच के छात्रों का दो दिवसीय एलुमनी मीट शनिवार को शुरु हुई। निदेशक रामबाबू कोडाली ने दीप जलाकर इसका शुभारंभ किया। एलुमनी में शामिल अधिकतर छात्र निजी उद्योग से जुडे हैं जबकि कई छात्र सेवानिवृत होकर औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मौके पर दिवंगत छात्रों के नाम ट्रस्ट गठन करने का निर्णय लिया गया। एलुमनी में आए करीब 200 छात्रों ने अपने छात्र जीवन की बातों को शेयर किया। यह कार्यक्रम रविवार तक चलेगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रोफेसर इंचार्ज प्रो0 डॉ. राजीव भूषण ने बताया कि एनआईटी के छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए भावी योजनाएं बनाई जाएगा।
बांग्ला जात्रा संस्कृति का द्योतक है : मंत्री
बांग्ला जात्रा हमारी संस्कृति : मंत्री
पटमदा. नेताजी सुभाष मंच पटमदा के बैनर तले आयोजित सात रात्रि बांग्ला जात्रा उत्सव के तीसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के मंत्री शांतिराम महतो ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बांग्ला जात्रा हमारी संस्कृति का द्योतक है। अलग राज्य होने के बावजूद हमारी भाषा व संस्कृति एक है। देश का सबसे धनी राज्य आज लूट-खसोट के चलते पिछड़ गया है। विशिष्ट अतिथि सालबनी विधायक श्रीकांत महतो, जिप सदस्य नियति महतो और सतीश पाठक शामिल हुए।