टेबो घाटी में गाड़ी पर हुई फायरिंग
चक्रधरपुर - एनएच 75 पर टेबो घाटी में शनिवार की रात को एक व्यापारी के वाहन में अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। फायरिंग की सूचना के बाद चक्रधरपुर से लेकर बंदगांव तक की पुलिस रात को परेशान रहीं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। रविवार को भी किसी व्यापारी ने इस संबंध में कोई सूचना संबंधित थाना क्षेत्र को नहीं दी। पोड़ाहाट डीएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि उन्हें भी घाटी में फायरिंग होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद सभी थानों को वायरलेस से जानकारी देते हुए मामले की पुष्टि करने की कोशिश की गयी लेकिन कोई पता नहीं चला।
केबल चोरी के आरोप में तीन गिरफ्तार
चक्रधरपुर - सीनी आरपीएफ के जवानों ने रेलवे का केबल चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर सोमवार को रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी विशाल श्रीवास्तव की अदालत में प्रस्तुत किया। दंडाधिकारी ने आरोपी टकलू लोहार, परशुराम लोहार, अनूप लोहार को चाईबासा जेल भेज दिया है। वहीं घाटशिला आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन में अवैध रूप से खाने पीने का सामान बेचने वाले एक हॉकर को गिरफ्तार कर दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। दंडाधिकारी ने 1 हजार रुपए जुर्माना वसूल कर रिहा कर दिया है।