- Hindi News
- राष्ट्रीय पर्व पर रहा गांव शहरों में उल्लास
राष्ट्रीय पर्व पर रहा गांव-शहरों में उल्लास
भास्कर न्यूज - चाईबासा
65 वें गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह रविवार को पुलिस लाइन में हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रमंडलीय आयुक्त आलोक गोयल ने झंडोत्तोलन किया व जवानों, एनसीसी कैडेट्स व छात्र-छात्राओं से मार्च पास्ट की सलामी ली। मौके उन्होंने कहा कि एक गणतंत्र के रूप में पिछले छह दशकों में राष्ट्र में कई बहुआयामी परिवर्तन आए हैं। आज गांव-गांव मे स्कूल, सड़कें, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं रोजगार के साधन उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जिले में वित्तीय वर्ष में मनरेगा के तहत 28 करोड़ 60 लाख रुपए से14 लाख 30 हजार मानव दिवस का सृजन किया गया है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक लक्ष्मी नारायण मिश्रा ने किया।
निकाली झांकी
मुख्य समारोह स्थल में विभिन्न विभागों जैसे समाज कल्याण विभाग, उत्पाद विभाग, डीआरडीए, झारखंड शिक्षा परियोजना, स्वास्थ्य विभाग, डीएवी पब्लिक स्कूल द्वारा झांकी निकाली गई। इसमें समाज कल्याण विभाग को प्रथम, उत्पाद विभाग को द्वितीय व डीएवी पब्लिक स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। मार्च पास्ट में जिला सशस्त्र बल के बाकें बिहारी को प्रथम, होमगार्ड के तुलसी प्रसाद महतो को द्वितीय व सीआरपीएफ 197 बटालियन के एसआई अशोक सिंह को तीसरा स्थान मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट में एमएल रुंगटा ((एनसीसी)) ने प्रथम, संत जेवियर्स स्कूल ((एनसीसी)) ने द्वितीय व डीएवी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
खिलाडिय़ों को किया गया सम्मानित
आयुक्त आलोक गोयल द्वारा विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाडिय़ों अरुणा मिश्रा, जगन्नाथ तिरिया, झानो हांसदा, ज्योति कुमारी आदि को सम्मानित किया गया।