पेड़ से लटकता मिला तांत्रिक का शव
भास्कर न्यूज - घाटशिला
काड़ाडूबा पंचायत के बड़ाधादिका यूकलिप्टस जंगल से पुलिस ने सोमवार को एक व्यक्ति का शव बट वृक्ष से लटकती स्थित में बरामद किया। मृतक की पहचान धांगा कमल निवासी सायबा मुर्मू((38)) के रूप में की गई है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतक की दो पत्नी है। दोनों पत्नी सुकुलमनी मुर्मू व सारथी मुर्मू मृतक के साथ रहती थी। शनिवार की सुबह वह किसी काम से निकला था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। मृतक झाड़-फूक का काम करता था। रविवार शाम कुछ चरवाहों ने पेड़ पर लटका शव देख परिजन और पंचायत के मुखिया मानसिंह हेंब्रम को इसकी सूचना दी। पुलिस को घटना की सूचना सोमवार को मिली। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सायबा मुर्मू को किसी स्थान पर मारने के बाद उसे पेड़ पर उसी के गम्छे के सहारे लटका दिया गया। मृतक के पैर के जख्म से खून टपक रहा था। उसके पैर पर मिट्टी लगी हुई थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक को मारने के बाद काफी दूर तक घसीटा गया है। मौके पर घाटशिला थाना प्रभारी कुलदीप टोप्पो पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव को उतारने के लिए पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।