अनुमंडल में शान से लहराया अपना तिरंगा
भास्कर न्यूज - घाटशिला
घाटशिला अनुमंडल में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। यहां मुख्य रूप से राजस्टेट मैदान घाटशिला, एचसीएल/आईसीसी, यूसील और आईआरएल में विशेष समारोह का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। राजस्टेट मैदान में एसडीओ अमित कुमार, एचसीएल/आईसीसी में निदेशक कार्मिक अनुपम आनंद, यूसील के जादूगोड़ा मैदान में सीएमडी डी. आचार्या और आईआरएल में प्रबंध निदेशक अरविंद मिश्रा ने राष्ट्रध्वज फहराया। व्यवहार न्यायालय में एडीजे वन बीके मिश्रा, प्रखंड कार्यालय में प्रमुख श्रुति देवगम ने तिरंगा फहराया।
नक्सली अनिल ने जीती शतरंज प्रतियोगिता
घाटशिला जेल मे गणतंत्र दिवस के अवसर पर एसडीओ अमित कुमार और डीएसपी ने तिरंगा फहराया। यहां कैदियों द्वारा राष्ट्रीय गान गाया गया। मौके पर फुटबॉल, बॉलीवॉल, शतरंज आदि की भी बाजी लगी। शतरंज प्रतियोगिता नक्सली अनिल मंडल विजयी हुआ। जेल प्रशासन की ओर से सफल प्रतिभागियों को टीशर्ट प्रदान किया गया। ग्रामीण क्षेत्र के रघुनाथडीह स्थित कांठा सिंह अनाथालय में कांठा सिंह ने झंडोत्तोलन किया। मौके पर ददन नामाता, पुटू मुंडा, प्रशांत महतो आदि मौजूद थे।