- Hindi News
- केन्द्रीय टीम ने योजनाओं का किया निरीक्षण
केन्द्रीय टीम ने योजनाओं का किया निरीक्षण
भास्कर न्यूज - घाटशिला
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम ने मंगलवार को घाटशिला प्रखंड के हेन्दलजुड़ी पंचायत की विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। टीम ने सबसे पहले डुंगरीडीह में मनरेगा के तहत बन रहे कतियाबांध निर्माण कार्य का जायजा लिया। टीम में शामिल ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक डॉ. धीरज ककाडिय़ा ने मजदूरों और रोजगार सेवक से आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद हेन्दलजुड़ी पंचायत में राजीव गांधी सूचना केन्द्र सह पंचायत मंडप का निरीक्षण किया गया। टीम के सदस्यों ने ठाकुरबाड़ी में करीब तीन वर्ष पहले बने तालाब का अवलोकन किया। यहां के बाद अधिकारियों की टीम आमडांगा पहुंची। यहां इंदिरा आवास के लाभुकों से पूछताछ की। टीम के सदस्यों ने हेन्दलजुड़ी के समीप स्थित पुराने पंचायत मंडप में आरडीए संचालित स्वयंसेवी महिला समूहों के सदस्यों और पेंशनधारी लाभुकों से मिलकर उनकी परेशानी भी जानी।
निदेशक डॉ. धीरज ने कहा कि योजनाओं में व्याप्त खामियों को दूर करना और योजनाओं का सही लाभ लाभुकों को दिलाने के लिए निरीक्षण किया गया। सभी योजनाओं का काम संतोषजनक मिला। एसडीओ-बीडीओ को सभी योजनाओं की जानकारी है। टीम में राजेश कक्कड़, भीम प्रकाश, गोवर्धन लाल, डीडीसी अजीत शंकर, निदेशक मनोज कुमार, एसडीओ अमित कुमार, बीडीओ संदीप अनुराग टोपनो, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. नेहा अरोड़ा, एई सुमीत कुमार, बीपीओ अंजुम प्रकाश बारा, कंचन कर आदि मौजूद थे।