- Hindi News
- जिंदल स्टील एंड पावर प्लांट की जनसुनवाई रद्द
जिंदल स्टील एंड पावर प्लांट की जनसुनवाई रद्द
भास्कर न्यूज - जादूगोड़ा
पोटका प्रखंड के आसनबनी गांव में जिंदल स्टील एण्ड पावर प्लांट की स्थापना को लेकर झारखंड पर्यावरण बोर्ड की ओर से 29 जनवरी को आसनबनी में होने वाली जन सुनवाई स्थगित कर दी गई है। प्रबंधन ने जन सुनवाई की तैयारी लगभग पूरी कर ली थी। वन रक्षा समिति के बैनर तले साइकिल रैली निकालकर इसका विरोध किया गया। दूसरी और कंपनी के समर्थन में आसनबनी के ग्रामीणों ने उपयुक्त को ज्ञापन सौपा है।
कार्यक्रम क्यों हुआ स्थगित
जिंदल कंपनी के स्थापना को लेकर पर्यावरण बोर्ड द्वारा बुधवार को आसनबनी के कच्चरी मैदान में जन सुनवाई बुलाई थी। इसमें अपर उपायुक्त को संचालन अधिकारी नियुक्त किया गया था, लेकिन बुधवार को उपायुक्त और अपर उपायुक्त जरूरी काम से रांची चले गए। इस संबंध में उपयुक्त ने पर्यावरण बोर्ड में एक पत्र देकर जन सुनवाई को कुछ दिनों के लिए स्थगित करने की अपील की है।
कंपनी के बारे में जाने
जिंदल स्टील प्लांट कंपनी 22 हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी। 6 मिलियन टन की क्षमता वाले इस प्लाट के लगाने के लिए कंपनी को लगभग चार वर्ष लग जाएंगे। कंपनी लगाने के लिए 1417 एकड़ भूमि की जरूरत है। इसमें 63 एकड़ भूमि वन विभाग की है जबकि 200 एकड़ भूमि सरकारी है। प्लांट में अत्याधुनिक मशीनों को रखा जाएगा। इससे प्रदूषण कम होगा। प्लाट लगने से स्थायी और अस्थायी रूप से लगभग 15 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके तहत क्षेत्र में अस्पताल, स्कूल, सड़क आदि का भी निर्माण होगा।