आईसीसी के डिप्टी मैनेजर हुए बर्खास्त
भास्कर न्यूज - घाटशिला
हिन्दुस्तान कॉपर कॉम्पलेक्स ((आईसीसी)) के डिप्टी मैनेजर ((विजलेंस )) टीडी नायर को कंपनी ने बर्खास्त कर दिया है। श्री नायर के खिलाफ बर्खास्तगी का कदम महाप्रबंधक नंदीश एचएन की बात नहीं मानने पर उठाया गया है । हालांकि बर्खास्तगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं कंपनी के इस निर्णय से आईसीसी के अधिकारियों के बीच रोष है । जानकारी हो कि कंपनी के विजलेंस डिपार्टमेंट में टीडी नायर लंबे समय से कार्यरत रहे हैं । वे फिलहाल डिप्टी मैनेजर के पद पर थे और कुछ ही सालों मे रिटायर होने वाले थे। प्रबंधन के सूत्रों के मुताबिक शनिवार को विजिलेंस अधिकारी टीडी नायर और आईसीसी के जेनरल मैनेजर नंदीश एचएन के बीच कुछ बातों को लेकर विवाद हो गया था । इसकी शिकायत जीएम ने दो दिवसीय दौरे पर मऊभंडार पहुंचे एचसीएल के डायरेक्टर अनुपम आनंद से रविवार को कर दी । इसके बाद उन्होंने तत्काल प्रभाव से विजिलेंस अधिकारी टीडी नायर को बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया । डायरेक्टर के आदेश के बाद आईसीसी के जीएम नंदीश एचएन ने रविवार को ही टीडी नायर की बर्खास्तगी का आदेश जारी करते हुए एक माह का वेतन देकर तत्काल प्रभाव से काम से बैठा दिया । इस संबंध मे पूछने पर जीएम नंदीश एचएन ने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ मालूम नहीं है ।