फिर रुका सर्विस लेन का काम
भास्कर न्यूज - आदित्यपुर
पुलिस बल के साथ सर्विस लेन निर्माण के लिए जमीन खाली करने पहुंचे पथ निर्माण विभाग और झारखंड एक्सलरेटेड रोड डवलपमेंट कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारियों को एस टाइप चौक से बैरंग लौटना पड़ा। एस टाइप स्थित दीप कॉम्पलेक्स के मालिक सीताराम सिंह और उनकी पत्नी शीला सिंह ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए काम करने से मना कर दिया। सिंह ने पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गणेश हेम्ब्रम को आवास बोर्ड का नोटिस दिखाते हुए बताया कि एक ओर आवास बोर्ड अपना जमीन बताकर हम पर फाइन करते हुए 10 फरवरी को न्यायालय में उपस्थित होने को कह रहा है, तो दूसरी ओर पथ निर्माण विभाग उसी जमीन पर सड़क निर्माण करने कैसे पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि अब जो भी होगा, 10 फरवरी को न्यायालय से मिले निर्देशों के आलोक में ही होगा। इसके बाद अधिकारी वहां से लौट गए।सिंह ने पत्रकारों को बताया कि इस जमीन के कारण पूरा परिवार परेशान है। उनके पुत्र की मृत्यु हो गई है और अब वे सपरिवार आत्मदाह करने की स्थिति में पहुंच गए हैं।