घर-घर से होगा यूआईडी का संग्रह
भास्कर न्यूज - चक्रधरपुर
प्रखंड सभागार चक्रधरपुर में गुरुवार को मनरेगाकर्मियों की साप्ताहिक बैठक बीडीओ निशा कुमारी सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें मनरेगा भुगतान, पेंशन तथा छात्रवृत्ति के लिए यूआईडी और ईआईडी का संग्रह काफी कम होने पर बीडीओ ने नाराजगी प्रकट की।उन्होंने कहा कि सभी लाभुकों का यूआईडी और ईआईडी संग्रह करने का दबाव केंद्र से है। इसलिए हर हाल में यह काम पूरा करना है।
उन्होंने मुखिया, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, वार्ड सदस्य, पीडीएस दुकानदार, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, स्वयं सहायता समूह को ग्रुप बनाकर घर घर अभियान चलाकर यूआईडी संग्रह कर उसे प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है। इसके अलावे रोजगार सेवक और पंचायत सेवकों को निर्देश दिया गया कि सात फरवरी से पूर्व मनरेगा के तहत काम मांगो अभियान चलाकर लोगों को रोजगार से जोड़ें। बैठक में मनरेगा के बीपीओ हेमंत विश्वकर्मा, जेई राजेश कुमार सिन्हा, कमलेश महतो, अनामिका, अशोक पुरती समेत रोजगार सेवक, पंचायत सेवक और जनसेवक
मौजूद थे।