पार्टी चाहेगी तो लड़ेंगे चुनाव : सिंह
बहरागोड़ा - बिहार में लगातार चार बार विधायक बने बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह बहरागोड़ा में पुराने दिनों को याद कर भावुक हो गए। पार्टी कार्यालय में मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शैशव काल में ही उन्होंने बहरागोड़ा में संगठन बनाने का काम किया था। स्व. रोबिन पानी और पुराने साथी आशुतोष मिश्र जैसे कई लोगों ने यहां भाजपा को सींचा है। कहा कि यहां के अनुभव और सीख से वे बिहार में चार बार लगातार विधायक बनने में कामयाब हुए। भाजपा से झाविमो में गए पूर्व विधायक डॉ. दिनेश षड़ंगी का नाम लिए बगैर कहा कि जिन पर विश्वास किया था, वे कसौटी पर खरा नहीं उतरे, कार्यकर्ता इससे निराश न हों। भाजपा एक विचारधारा है और इसका प्रवाह जारी है। जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, वे एक न एक दिन फिर लौटेंगे। कहा कि बहरागोड़ा में संगठन बनाना कितना कठिन था, यह हम जानते हैं। काफी विषम परिस्थितियों से रूबरू हुए थे। कार्यकर्ता संघर्ष करें। अभी लंबी यात्रा तय करनी है। अच्छे दिन फिर लौटेंगे। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने एपी सिंह का बहरागोड़ा मोटेल के पास स्वागत करते हुए उन्हें जुलूस के शक्ल में कार्यालय तक पहुंचाया। मौके पर सुदीप पटनायक, चंडीचरण साव, कैलाश प्रसाद मेहता, निर्मल दुबे, संजय प्रह्राज, रंजीत बाला, कमल आचार्य, विभाष दास, रोहित कुईला आदि मौजूद थे।