मां तारा मंदिर से लाखों के चोरी
भास्कर न्यूज - घाटशिला
दाहीगोड़ा स्थित मां तारा मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब एक लाख रुपए के जेवरात और दानपेटी में रखे चार हजार रुपए चुरा लिए। चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट में आग लगा कर कुंडी तोड़ा और कृष्ण मां तारा की मूर्ति में लगा सोने का जीभ तोड़ लिया।
इसके अलावा चोरों ने मां के श्रृंगार में लगे सोने का मंगटीका, नथुनी, चांदी का हार, चांदी का मुकुट के अलावा राधा-कृष्ण की कांसा की स्थापित मूर्ति भी चुरा लिया। मंदिर की महिला पुजारीन तुलसी हेम्ब्रम बगल में ही रहती हैं। रात में उन्हें भी चोरी की भनक नहीं लगी। सुबह में वह पूजा करने गईं, तो मंदिर का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर पता चला कि सारे जेवरात गायब हैं। मंदिर परिसर में ही अंजली सीट नामक एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ रहती है। उसे भी रात में चोरों के उत्पात के बारे में जानकारी नहीं मिली। सुबह में पुजारिन ने चोरी के संबंध में सूचना आस-पड़ोस के लोगों और मुखिया रीता मुंडा को जानकारी दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।