सबिता मामले पर गरमाई राजनीति
भास्कर न्यूज - चक्रधरपुर
स्व सुधीर महतो की पत्नी सविता महतो को राज्यसभा का टिकट नहीं दिए जाने का मामला अब तूल पकडऩे लगा है। विपक्षी पार्टियों ने इसे मुद्दा बना लिया है। आजसू, झाविमो, झादिपा सहित जातीय संगठनों ने इसकी निंदा की है। कई जगहों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का पुतला फूंका गया।
झारखंड आंदोलन का स्वरूप तैयार करने वाले स्व. सुधीर महतो की पत्नी सविता महतो का झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जिस तरह से अपमान किया है, उसका आजसू घोर निंदा करती है। यह बातें गुरुवार को वन विश्रामागार में आजसू के पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गा महतो ने पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि झामुमो ने राजनीतिक माहौल बनाने के लिए सविता महतो को राज्यसभा सीट देने का वादा किया था। पति का दशकर्म खत्म भी नहीं हुआ था, उन्हें रांची बुलाकर नोमिनेशन फार्म भी दे दिया गया। झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन तथा राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीट को पैसों में बेचने का काम किया है। मौके पर आजसू नेता विनोद महतो, क्षेत्र महतो, मुकेश महतो, बाबू दास मौजूद थे।