धूमधाम से वार्षिक समारोह संपन्न
नाला - देवलेश्वर स्थित राधा गोबिंद मंदिर में विगत दो वर्ष से संचालित सेवा के दो वर्ष पूर्ण होने पर वार्षिक समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। मौके पर नाला विधान सभा क्षेत्र एवं आसपास के लगभग 500 से अधिक भक्त भगवान राधा गोविंद की सेवा व उपासना के लिए पहुंचे। कार्यक्रम के तहत भगवान की पूजार्चना, आरती एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ भजन कीर्तन हुआ। धार्मिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भगवान का गुणगान, परिक्रमा एवं महिमा विषय गीत नृत्य के माध्यम से आकर्षणीय प्रसंग प्रस्तुत किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपस्थित भक्त, सदस्य एवं स्थानीय नागरिकों के लिए 25 कढ़ाई खिचड़ी प्रसाद का आयोजन हुआ।
लगभग दो हजार महिला-पुरुषों ने सामूहिक प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान के जयकारा के साथ भक्त वैष्णवों के धार्मिक नृत्य से संपूर्ण वातावरण धर्ममय बना हुआ था। गौरतलब है कि इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जाति समुदाय के लोगों को एकसाथ भगवान की उपासना और प्रसाद ग्रहण में शामिल होने से महा मिलन का नजारा देखने को मिला। बाबाधाम परिसर में निमंत्रित व्यक्तियों के अलावा सैकड़ों नर नारायणों ने भी सेवा ग्रहण किया। प्रबंधन कमेटी का कार्यकाल समाप्त होने तथा पुनर्गठन के बाद ही अब सेवा का नियमतिकरण होगा। समाज के समर्पित एवं धर्ममार्ग के लोगों द्वारा सकारात्मक प्रयास किया जा रहा है।