पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लॉटरी का झांसा देकर ठगी करनेवाला धराया

लॉटरी का झांसा देकर ठगी करनेवाला धराया

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - झरिया/भगतडीह
लॉटरी में बड़ी राशि जीतने का झांसा देकर लोगों से ठगी करनेवाले गिरोह का एक सदस्य बुधवार को झरिया में पकड़ा गया।उसे बैंक ऑफ इंडिया की एना शाखा में कर्मियों ने पकड़ लिया। बृजनंदन रविदास नाम का यह शख्स सागर पासवान उर्फ शंभु भुइयां के साथ बैंक से 40 हजार रुपए की निकासी करने पहुंचा था। बैंक में शंभु ने सागर के नाम से खाता खोल रखा था, जिसमें ठगी की राशि जमा कराई जाती थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक ने इस खाते को फ्रीज कर दिया था। जैसे ही सागर ने खाते से रुपए निकालने के लिए काउंटर क्लर्क को फॉर्म सौंपा, मैनेजर को खबर दी गई। मैनेजर के कहने पर कर्मी उसे पकडऩे दौड़े। सागर तो भाग निकला, बृजनंदन पकड़ा गया। उसे झरिया पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहां उससे पूछताछ की जा रही है।
आरएसपी कॉलेज का छात्र है पकड़ा गया शख्स
फर्जीवाड़े और ठगी के गिरोह में बृजनंदन रविदास भी शामिल है। बैंक ऑफ इंडिया की एना शाखा में उसका भी खाता ((471610110001458)) है। इसमें भी कई बार रुपए जमा कराए गए। शिकायत मिलने पर मैनेजर ने अगस्त 2013 में इस खाते को फ्रीज कर दिया था। बृजनंदन झरिया के आरएसपी कॉलेज में बीए पार्ट वन का छात्र है। पूछताछ में उसने गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी पुलिस को दी है। वे पप्पू, बिट्टू, छोटू, नंदू जैसे नामों से जाने जाते हैं।




पिता का नाम भी गलत

शंभु भुइयां ने बैंक ऑफ इंडिया में खाता खोलवाने के लिए अपना नाम सागर पासवान बताया था। पिता का नाम भी उसने गलत बताया था। हालांकि उसकी तस्वीर असली थी। वह एना दो नंबर का रहने वाला है।



एटीएम कार्ड कर दिया था लॉक

आगर के शहीद नगर स्थित एसबीआई की शाखा से 7 नवंबर 2103 को 49,500 रुपए बैंक ऑफ इंडिया की एना शाखा में सागर के खाते ((471610110005381)) में ट्रांसफर की गई थी। इससे पूर्व अक्टूबर में भी इस खाते में कोडरमा के बाजीडीह से दो बार में 50 हजार व 35 हजार जमा कराए गए थे। इसके बाद सागर की कलई खुल गई थी। आगरा से रुपए ट्रांसफर होते ही वहां के बैंक से एना स्थित बैंक ऑफ इंडिया को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद सागर का एटीएम कार्ड और खाता ब्लॉक कर दिए गए। जब उसने बैंक पहुंच कैश निकालने की कोशिश की, तो उसका साथी पकड़ा गया।



शिकायत पर फ्रीज कर दिया गया था खाता

इस संबंध में बैंक ऑफ इंडिया के एना ब्रांच के मैनेजर नरोत्तम प्रसाद ने कहा कि सागर पासवान के नाम से खुले खाते में गोवा, तमिलनाडु, एमपी, भोपाल, उत्तर प्रदेश और झारखंड के विभिन्न शहरों से पैसे जमा कराए गए थे। आगरा से शिकायत मिलने के बाद इस खाते को फ्रीज कर दिया था और सागर पर नजर रखी जा रही थी। इस खाते से रुपए निकालने की कोशिश में एक शख्स पकड़ा गया। उसे पुलिस को सौंप दिया गया है।