पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जनता से शिकायत मिली तो कार्रवाई : मंत्री

जनता से शिकायत मिली तो कार्रवाई : मंत्री

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - चंदनकियारी
जनता से जुड़े विकास कार्य पर पदाधिकारी ध्यान दें। अन्यथा जनता से शिकायत मिली तो कार्रवाई करेंगे। ये बातें झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री ददई दुबे ने चंदनकियारी उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याओं से रूबरू होते हुए कही। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना को अच्छी तरह से लागू करें, लोगों को रोजगार की तलाश में अन्यत्र जाने की जरूरत नहीं पड़े। पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि अगले कैबिनेट की बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा जाएगा। साथ ही कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को अपना अधिकार बहुत सारे विभागों ने दे दिया है, जो बाकी है वह बहुत जल्द मिल जाएगा।
पुल की मरम्मत करा दें मंत्री : उमाकांत
जनता दरबार में उपस्थित चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि चंदनकियारी एक गरीब और पिछड़ा क्षेत्र है। यहां के लोग वृद्धावस्था पेंशन, लाल कार्ड, इंदिरा आवास योजना में व्याप्त समस्या से त्रस्त हैं। ऐसे क्षेत्र में मंत्री का जनता दरबार करना प्रशंसनीय है। उन्होंने मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि चंदनकियारी प्रखंड के गोसाईडीह में नदी और गम्हरिया बड़दा में नदी पर पुल टूटा हुआ है। इसकी मरम्मत कराई जाए। जिला परिषद अध्यक्ष मिहिर सिंह ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को सरकार अधिकार नहीं देकर जनता के साथ खिलवाड़ कर रही है। पंचायत प्रतिनिधियों को अधिकार मिलेगा, तो प्रदेश का संपूर्ण विकास होगा। कार्यक्रम के दौरान जनता दरबार में उपस्थित उपविकास आयुक्त श्रीराम तिवारी ने जिला स्तरीय योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में मंत्री व विधायक को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिप सदस्य जवाहर लाल महथा, रजनी कुमारी दासी, प्रमुख पदमा देवी, प्रयाग सिंह चौधरी, बीडीओ जयप्रकाश करमाली, देवाशीष मंडल, विरंची महथा आदि मौजूद थे।



जनता दरबार में लोगों को संबोधित करते विधायक उमाकांत रजक।