जय मां काली फैक्ट्री की गई सील
गोविंदपुर . स्थानीय जियलगढ़ा स्थित प्रसिद्व जय मां काली उद्योग को प्रशासन ने शनिवार को सील कर दिया। गैरमजरूआ जमीन पर फैक्ट्री के अवस्थित होने के कारण ऐसा किया गया। इसके साथ ही यह कारखाना बंद हो गया है। मां काली उद्योग परिसर में मां काली हार्डकोक भट्ठा तथा मां कल्याणी कोल वाशरी है। इस कार्रवाई से स्थानीय उद्योगति सकते में हैं। बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी आदि की उपस्थिति में हुई इस प्रशासनिक कार्रवाई में करीब 5 घंटे लगे। प्रशासन ने इस क्षेत्र में पहली बार किसी कारखाना प्रबंधन पर इस तरह की कार्रवाई की गई है। बताया जाता है कि 5.2 एकड़ गैरमजरूआ जमीन पर उक्त हार्डकोक एवं कोलवाशरी है। उक्त फैक्ट्री प्रसिद्व कोयला व्यवसायी संावरमल अग्रवाल उर्फ पोद्वार की है। जिला प्रशासन ने इस जमीन की जमाबंदी वर्षों पूर्व रद्द कर दी थी। प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ श्री अग्रवाल ने हाइकोर्ट की शरण ली थी।
हाइकोट में लंबी लड़ाई के बाद श्री अग्रवाल मुकदमा हार गए। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन उक्त जमीन को अपने कब्जे में लेने के लिए सक्रिय हुआ। दंडाधिकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार, बीसीओ श्रीकांत शकधर तथा थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहू की उपस्थिति में अंचलाधिकारी ने उक्त कार्रवाई की। सीआई दयार्नंद प्रसाद, कर्मचारी निरोज कुमार आदि भी मौजूद थे। उक्त फैक्ट्री चालू हालत में है।
फैक्ट्री संचालक दीपक पोद्वार ने कहा कि जिला एंव सत्र न्यायाधीश के यहां उनका मामला एडमिट हो गया है। वहां सुनवाई जारी है। उन्होंने कहा कि भगवती प्रसाद खेतान से 1986 में यह जमीन ली थी। श्री खेतान का 1944 का डीड है और उस समय से दखल कब्जा भी है।