हर्षोल्लास से मना 65वां गणतंत्र दिवस
भास्कर न्यूज - जामताड़ा
जामताड़ा सहित संपूर्ण जिले में 65वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान जामताड़ा में आयोजित की गई। जहां भव्य समारोह का आयोजन हुआ। जिले भर के लोग इस राष्ट्रीय त्योहार में शामिल हुए। राष्ट्र के प्रति लोगों ने सम्मान प्रकट किया। उपायुक्त चंद्रशेखर ने परेड की सलामी ली और ध्वजारोहण किया। तिरंगा फहराते ही जन गण मन के धून पर पूरा गांधी मैदान राष्ट्र सम्मान में खड़ा हो गया। मौके पर आइआरबी झिलुवा, होमगार्ड, जिला पुलिस बल, भारत स्काउट एंड गाईड, विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मिलकर आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। मौके पर सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों द्वारा आकर्षक झांकी निकाली गई। इन झांकियों के माध्यम से जिले के विकास का तस्वीर पेश किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह पर संपूर्ण जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी प्रतिष्ठान, संगठन, संस्थान, कार्यालय, विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा ध्वजारोहन किया गया।
गणतंत्र दिवस के समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त चंद्रशेखर ने कहा कि जामताड़ा में बेरोजगारी से समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के कृषक मजदूरों को मनरेगा के तहत 100 दिनों का रोजगार दिया जा रहा है। जिसमें महिला और पुरूष दोनों को समान रूप से बैंक अथवा पोस्ट ऑफिस द्वारा मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि इस योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 267 नए संपर्क पथ, 372 तालाब का निर्माण एवं जिर्णोद्धार, 949 सिंचाई कूप का निर्माण, 742 किसानों के भूमि समतलीकरण तथा 26 वनरोपण की योजना कार्यान्वित की जा रही है। अबतक इस योजना में 31 करोड़ 37 लाख की राशि व्यय की जा चुकी है। इसके तहत 16 लाख 47 हजार 600 मानव दिवस सृजित किया गया है।
उपायुक्त ने महिलाओं का अधिक से अधिक समूह बनाकर उनके विकास एवं सशक्तिकरण को लेकर राष्ट्रीय आजीविकास मिशन चलाए जाने की जानकारी दी। साथ ही इंदिरा आवास के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 75 हजार रुपए की लागत से 1 हजार 905 इकाई की स्वीकृति दिए जाने की बात कही। इसके तहत 1 हजार 201 लाभुक को प्रथम किस्त का भुगतान किया जा चुका है। चालू वित्तीय वर्ष में उपलब्ध राशि 991.717 लाख में से 889.798 लाख राशि व्यय किया जा चुका है। एनइआपी के तहत आगंनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुल पुलिया, स्कूल चहारदीवारी एवं पीसीसी की कुल 368 योजनाओं के कार्यान्वयन की जानकारी दी गई। सामाजिक सुरक्षा की चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के तहत 15 हजार 304, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के तहत 3 हजार 300, विकलांग पेंशन योजना के तहत 794, राज्य सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 7 हजार 697 तथा राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना के तहत 146 लाभार्थियों को सामाजिक सहायता मुहैया करायी जा रही है। साथ ही गरीबी रेखा के नीचे गुजर बसर करनेवाले निर्धन व गरीबों के बीच मुफ्त कंबल वितरण किया जा रहा है।
अबतक 8 हजार 946 कंबलों का वितरण किया जा चुका है। आरइओ द्वारा पीएमजीएसवाई के आठवें चरण में 88 योजनाओं में 266.125 किमी सड़क निर्माण के विरुद्ध 72 योजनाओं की 215.335 किमी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इस योजना के 11वें चरण के अंतर्गत 61 नए सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई है। जिसमें 40 योजनाओं का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। 21 योजनाओं की निविदा की प्रक्रिया की जा रही है।
ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा मकरूंधा से कोरीडीह के बीच सिद्धेश्वरी नदी पर 346.86 लाख की लागत राशि से पुल निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है। वहीं नारायणपुर प्रखंड के घटियारी बांदो दियरा सड़क में बराकर नदी पर 775.68 लाख रुपए की लागत राशि से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। जामताड़ा प्रखंड में रजिया नदी पर 469.36 लाख की लागत राशि से पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पथ प्रमंडल अंतर्गत जामताड़ा-करमाटांड़-लहरजोरी पथ, बेवा-बाईपास रोड एवं जामताड़ा-जेल रोड के चौड़ीकरण के कार्य की स्वीकृति प्राप्त है। भू अर्जन के कार्य किए जाने की जानकारी उपायुक्त द्वारा दी गई। इसके अलावे उन्होंने जामताड़ा-निरसा पथ, मोहनाबांक-नाला पथ, धतुला मोड़ से नाला पथ, जामताड़ा कंबाइंड बिल्डिंग रोड, अंगूठियां मोड़ से बाबुपुर पथ एवं नाला चालेपाड़ा से अफजलपुर पथ को ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा पथ निर्माण विभाग को चौड़ीकरण हेतु हस्तांतरित किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि पेयजल विभाग के तहत पाइपलाइन का काम किए जाने की जानकारी देते हुए विद्युत विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, ई गवर्नेंस के तहत किए जा रहे कार्यो के बारे में उपायुक्त ने जिले को अवगत कराया।
गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर जामताड़ा जिला प्रशासन और जिलेवासियों ने देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट किया। उपायुक्त ने शहीद स्थल पर शहीदों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित किया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानी के विधवाओं को जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त द्वारा शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही जिले में विभिन्न क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले लोगों को सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट झांकी को मिला पुरस्कार
मौके पर डीसी ने कहा कि बेरोजगारी से निजात के लिए मनरेगा में 100 दिनों के रोजगार की व्यवस्था की गई है