दर्शकों को मिला राजनीतिक संदेश
मिहिजाम - जियाजोरी पंचायत क्षेत्र के डाबरा क्रिकेट मैदान के मंच से जिले के दो शीर्ष राजनीतिक दल के नेताओं ने स्वयं व सरकार का खूब बखान किया और वाहवाही लूटी। मौका था डाबरा मैदान पर मोहम्मडऩ झारखंड क्रिकेट क्लब द्वारा गणतंत्र दिवस की शाम क्रिकेट मैच फाइनल को लेकर पुरस्कार वितरण किया। जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्यामलाल हेम्ब्रम और कांग्रेस पार्टी के नेता डॉ. इरफान अंसारी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। खेल के मंच से दोनों नेताओं के मुख से लोगों ने राजनीतिक वाणी ही सुनी। हालांकि कभी दोनों पार्टियों के नेता सूबे की सरकार में गठबंधन होने से पूर्व एक दूसरे के खिलाफ टिप्पणी करने से परहेज नहीं करते थे। वहीं आज सरकार में साथ-साथ आने के बाद जिला स्तर पर दोनों के राग बदले नजर आए। डॉ. इरफान झामुमो विधायक दल के नेता सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ऊर्जावान, युवा, विकासशील, कर्मठ और न जाने क्या क्या संज्ञाओं से संबोधित करते नजर आए। वहीं श्यामलाल कांग्रेसी नेताओं और खास कर इरफान के पिता फुरकान की तारीफ करते नहीं थक रहे थे। इन सब के बीच दोनों नेताओं ने कई भविष्यवाणियां भी खिलाडिय़ों को सुनाई। कहा कि आप खेलते रहे तो कोई धोनी और कोई सचिन तो जरूर बनेगा। दोनों नेताओं के बखानों के बीच पार्टी समर्थकों ने खूब तालियां बजाई। लेकिन इससे अलग आम लोगों को मंच का नजारा बखूबी समझ आ रहा था। लोगों को यहां क्रिकेट कम, राजनीति ज्यादा नजर आई। जाते-जाते दोनों नेता इशारों -इशारों में आयोजकों से दोबारा बुलाने का न्यौता भी मांग लिया।