पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मनरेगा के लिए जिले को मिलेगा एक्सलेंसी अवार्ड

मनरेगा के लिए जिले को मिलेगा एक्सलेंसी अवार्ड

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जामताड़ा
उम्दा लीडर शीप, अतुलनीय टीम वर्क के साथ करते हुए जामताड़ा जिला ने मनरेगा में बेहतर प्रदर्शन किया है। जिला के बेहतर प्रदर्शन के लिए जामताड़ा जिला को नेशनल अवार्ड से नवाजा जाएगा। जिला का चयन नेशनल अवार्ड के लिए किए जाने की जानकारी मिलने पर जिले के प्रशासनिक पदाधिकारी एवं मनरेगा से जुड़े कर्मियों में प्रसन्नता है। मनरेगा में बेहतर प्रदर्शन के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा यह अवार्ड जामताड़ा को दिया जाएगा। अवार्ड नौवें मनरेगा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में 2 फरवरी को आयोजित समारोह में दिया जाएगा। समारोह का आयोजन विज्ञान भवन दिल्ली में किया जाएगा। सरकार की घोषणा के बाद एक्सलेंसी अवार्ड के लिए जारी जद्दोजहद समाप्त हो गई।
अवार्ड के लिए प्रशासन को कई दौर से गुजरना पड़ा। पहले दौर में जामताड़ा जिला सहित राज्य के तीन जिलों क्रमश: देवघर और गिरिडीह को प्रजेंटेशन के लिए दिल्ली बुलाया गया था। जिले के उपायुक्त चंद्रशेखर ने 26 दिसंबर को दिल्ली में बेहतरीन प्रजेंटेशन दिया था। इस प्रजेंटेशन के बाद गिरिडीह दौर से अलग हो गया था। इसके बाद मनरेगा कार्यों का भौतिक रूप से केंद्रीय टीम ने स्थल निरीक्षण किया था। टीम ने अलग अलग टीम बनाकर 5, 6 तथा 7 जनवरी को जिले के जामताड़ा, नारायणपुर, नाला, कुंडहित, फतेहपुर प्रखंड में चल रहे मनरेगा कार्य का निरीक्षण किया था।
इस दौरान टीम के सदस्यों ने योजना स्थल पर मौजूद मजदूरों और अन्य लोगों से बातचीत की और योजना के संचालन, भुगतान तथा कार्य स्थल पर दी जानेवाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की थी। टीम द्वारा योजनाओं का जायजा लेकर रिपोर्ट भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय को सौंपा गया। रिपोर्ट गोपनीय रखा गया था। अवार्ड के लिए चयनित होने पर उपायुक्त चंद्रशेखर ने कहा कि यह जामताड़ा जिले के लिए गौरव की बात है। मनरेगा से जुड़े सभी लोगों के परिश्रम का यह फल है कि जिला को यह अवार्ड मिल रहा है। इसके लिए रोजगार सेवक से लेकर मनरेगा कार्य से जुड़े सभी कर्मी को उन्होंने बधाई दिया है।
इस संबंध में उपविकास आयुक्त मुकुल कुमार पांडेय ने कहा कि मनरेगा कार्यों में जिला की विषिष्ठ पहचान देश स्तर पर बनी है। इससे राज्य का भी मान बढ़ा है। यह अवार्ड जिलेवासियों के लिए गौरव की बात है। अवार्ड मिलने से यहां के मनरेगा कर्मी और भी बेहतर तरीके से कार्य करेंगे।



९वें मनरेगा दिवस के अवसर पर दिल्ली में मिलेगा सम्मान