307 योजनाओं का हुआ सामाजिक अंकेक्षण
भास्कर न्यूज - गोविंदपुर
गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर के सभागार में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय मनरेगा के जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वर्ष 2013-14 की 307 योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। जनसुनवाई में मनरेगा में जॉब कार्डधारियों को पोस्ट ऑफिस से विलंब से मजदूरी का भुगतान करने पर विरोध के स्वर उठे। मजदूरी दर बढ़ाने की मांग उठी। कई योजनाओं में अनियमितता का मामला सामने आया। कार्यस्थल पर बोर्ड व शेड का मामला भी सामने आया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ संजीव कुमार ने कहा कि मनरेगा से गांव में परिसंपत्तियों का निर्माण होता है। गांव के विकास के साथ-साथ लोगों को 100 दिन का रोजगार भी मिलता है। योजना में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में अनिश्चितता का मामला सामने आया है, उसे जल्द ही ठीक करा लिया जाएगा। कहा कि अब ईएफएमएस के माध्यम से मनरेगा के मजदूरों का भुगतान होगा। तीन दिन बाद ही जिला एकांउट में ट्रांसफर होगा। अभी लंबी प्रक्रिया है। सामग्री का भुगतान पंचायत स्तर पर किया जाएगा। जनसुनवाई का संचालन बीपीओ लक्ष्मी प्रसाद सिंह व धन्यवाद ज्ञापन बीसीओ पंकज कुमार मिश्र ने किया। पीआरओ अनिल खवाड़े, मुखिया सविता बनर्जी, प्रभु मांझी, नेपाल चंद्र मांझी, बाबूराम हेंब्रम, वरुणा देवी, छंदा मंडल आदि उपस्थित थीं।