- Hindi News
- तीन दिवसीय जांच के लिए जामताड़ा पहुंचीं स्वास्थ्य अपर निदेशक
तीन दिवसीय जांच के लिए जामताड़ा पहुंचीं स्वास्थ्य अपर निदेशक
भास्कर न्यूज - जामताड़ा
स्वास्थ्य विभाग में सरकार द्वारा प्राप्त आवंटन के आलोक में क्रय किए गए सामग्री के उपयोग की जांच हेतु स्वास्थ्य निदेशालय की टीम मंगलवार को जामताड़ा पहुंची। अपर निदेशक डॉ दीपाली दे ने सिविल सर्जन कार्यालय जामताड़ा में वित्तीय वर्ष २०१२-१३ एवं २०१३-१४ में प्राप्त आवंटन के आलोक में खरीददारी किए गए सामग्रियों के अभिलेखों
की जांच की।
इस दौरान सदर अस्पताल जामताड़ा एवं विभिन्न प्रखंड के सीएचसी में क्रय कर भेजे गए सामग्रियों की सूची का मिलान किया। साथ ही उन सामग्रियों के उपयोगिता के बावत सिविल सर्जन डॉ वीके साहा से जानकारी प्राप्त किया। घंटों चले जांच के क्रम में सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा दोनों वित्तीय वर्ष में उपयोगिता के हिसाब से सामान क्रय करने की बात कही गई। साथ ही यह भी बताया गया कि सदर अस्पताल एवं अन्य सीएचसी तथा प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों में क्रय की गई सामग्रियों का उपयोग हो रहा है।
कागजी जांच के बाद बुधवार को अपर निदेशक द्वारा क्रय किए गए सामग्रियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सामग्री का उपयोग हो रहा है या नहीं। तीन दिवसीय दौरे पर आयी अपर स्वास्थ्य निदेशक बुधवार को नाला एवं कुंडहित प्रखंड का दौरा कर स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेंगी और देखेंगी कि जामताड़ा में विभाग द्वारा क्रय किए गए सामग्रियों का जनहित में कितना उपयोग हो रहा है। बताते चलें कि आवंटन के आलोक में विभाग द्वारा खरीददारी कर ली जाती है। लेकिन तकनीकी कमी के कारण कुछ उपकरणों का सही से उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसी बावत स्वास्थ्य निदेशालय द्वारा जांच किया जा रहा है कि जिले में सरकार द्वारा दिए गए राशि का उपयोग सही तरीके से हो रहा है या नहीं। दोनों वित्तीय वर्ष में प्राप्त आवंटन के आलोक में क्रय समिति द्वारा उपकरणों की खरीददारी की गई थी। निरीक्षण के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी कि विभाग द्वारा क्रय किया गया उपकरण कितना कारगर है और उसका क्या उपयोग हो रहा है। इस बावत सिविल सर्जन डॉ वीके साहा ने बताया कि टीम द्वारा जिले के पीएचसी एवं सीएचसी का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में उपकरणों की जांच की जाएगी। इस अवसर पर सिविल सर्जन, डॉ डीके अखौरी, सहायक अरविंद कुमार, अनिल सिंह, अशोक चंद्रा, अरूण कुमार, अकाउंट मैनेजर भोलाशंकर गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।