इंज्युरी की रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराएं
भास्कर न्यूज - जामताड़ा
प्रत्येक विभाग के लंबित मामलों की समीक्षा हेतु उपायुक्त चंद्रशेखर की अध्यक्षता में मंगलवार को इंपावरर्ड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान स्वास्थ्य, कल्याण, मत्स्य, शिक्षा एवं पुलिस सहित अन्य विभागों की लंबित मामलों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने उच्च न्यायालय में प्रति शपथ पत्र दायर करने के बावत संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया ताकि लंबित मामलों का निपटारा शीघ्र हो सकें।
इसके अलावे पुलिस से संबंधित न्यायालय में लंबित मामलों के बावत गवाहों की उपस्थिति एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान पुलिस विभाग द्वारा मामला उठाया गया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जख्म पीडि़त व्यक्ति का जख्म प्रतिवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट कई कांडों में अबतक अप्राप्त है। जिस कारण अनुसंधान लंबित पड़ा हुआ है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द संबंधित मामलों का रिपोर्ट पुलिस विभाग को सुपुर्द करें ताकि अनुसंधान का कार्य पूर्ण किया जा सकें और मामले का निष्पादन हो। मौके पर अपर समाहर्ता डॉ रविंद्र कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश सिन्हा, जिला कल्याण पदाधिकारी अर्चना मेहता, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ एके घोष, पीपी रतन सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी सत्यप्रकाश, पुलिस इंसपेक्टर एसएन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।