- Hindi News
- भवन प्रमंडल कार्यालय में नहीं रहते हैं ईई
भवन प्रमंडल कार्यालय में नहीं रहते हैं ईई
भास्कर न्यूज - जामताड़ा
भवन प्रमंडल जामताड़ा के कार्यालय का हाल बुरा है। कार्यालय में कार्यपालक अभियंता नहीं आते हैं। कार्यपालक अभियंता के नहीं आने के कारण भवन प्रमंडल का सभी प्रकार का कार्य पूर्ण रूप से बाधित हो रहा है। बताया गया है कि कार्यपालक अभियंता प्रकाश नारायण सिंह भवन प्रमंडल जामताड़ा के अलावे भवन प्रमंडल दुमका तथा अन्यत्र एक स्थान पर पदस्थापित हैं। कई स्थानों पर पदस्थापित रहने के कारण वे जामताड़ा नहीं आते हैं। अपने योगदान के बाद से अबतक वे मात्र दो दिन ही कार्यालय आए हैं। बताया गया है कि कार्यपालक अभियंता द्वारा एमबी भरने का कार्य भी दुमका में ही किया जाता है। साथ ही चेक व अन्य विपत्र संबंधी कार्य दुमका में ही उनके द्वारा किया जाता है। उनके इस कार्य प्रणाली के कारण भवन प्रमंडल जामताड़ा का हाल खस्ताहाल हो गया है। लोग कार्यालय का चक्कर लगाते हैं, परंतु काम नहीं होता है। जिससे लोगों में मायूसी रहती है। पशुपति देव ने प्रशासन से इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए कार्यपालक अभियंता को नियमित रूप से जामताड़ा में बैठने की व्यवस्था करने की मांग की है।